दिल्ली में कांवड यात्रा का असर, इन इलाकों में जाने से पहले चेक कर लें रूट; पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी
कांवड यात्रा के कारण शाहदरा जीटी रोड पर आम वाहनों की आवाजाही 12 अगस्त तक प्रतिबंधित रहेगी. अप्सरा बार्डर से कश्मीरी गेट की ओर जाने वाले मार्ग के बंद होने से यमुनापार के कई इलाकों में जाम की स्थिति बन सकती है.
नई दिल्ली: कांवड यात्रा के चलते दिल्ली यातायात पुलिस ने शाहदरा जीटी रोड पर आम वाहनों की आवाजाही बंद कर दी है. अप्सरा बार्डर से कश्मीरी गेट की ओर जाने वाले इस मार्ग पर 12 अगस्त तक यातायात प्रतिबंधित रहेगा. इसके चलते आनंद विहार, सीमापुरी, विवेक विहार, शाहदरा, लोनी रोड, स्वामी दयानंद मार्ग और वजीराबाद रोड समेत कई इलाकों में यातायात दबाव बढ गया है.
रविवार को डाक कांवडियों की संख्या बढने के कारण शाहदरा जीटी रोड पर वाहन चालकों को भारी जाम का सामना करना पडा. कई जगह पांच मिनट का सफर तय करने में करीब आधे घंटे तक का समय लगा. दोपहर बाद यातायात पुलिस ने इस मार्ग पर आम वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी.
पुलिस ने लोगों को दी है ये सलाह
सोमवार को भी इस मार्ग और इससे जुडी सडकों पर यातायात प्रभावित रहने की आशंका है. पुलिस ने लोगों से घर से निकलने से पहले रूट की स्थिति जांचने और संभव हो तो मेट्रो से यात्रा करने की सलाह दी है.
Also Read
- दिल्ली में तेज रफ्तार Mercedes ने Wagon R को मारी टक्कर, 70 वर्षीय महिला की मौत; पुलिसकर्मी का बेटा गिरफ्तार
- ‘बदलती दुनिया में लगातार सीखते रहना जरूरी…’ IIT दिल्ली दीक्षांत समारोह में बोले पीएम मोदी
- मानसून का तांडव! दिल्ली में रिकॉर्ड तोड़ बारिश, अगस्त के पहले हफ्ते में पिछले 15 सालों में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज
इन इलाकों के वाहन चालक रहें सावधान
यातायात पुलिस के अनुसार आनंद विहार और सीमापुरी से कश्मीरी गेट जाने वाली बसों को शाहदरा जीटी रोड के बजाय वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा है. अप्सरा बार्डर के गोलचक्कर को बंद कर दिया गया है. आनंद विहार और सीमापुरी की ओर से आने वाले वाहनों को जीटी रोड पर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है और उन्हें अंडरपास से निकाला जा रहा है.
विवेक विहार और जगतपुरी से कैशव चौक की ओर आने वाले वाहनों को भी जीटी रोड पर जाने से रोका जा रहा है. पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक एक्स हैंडल पर ताजा यातायात जानकारी जरूर देख लें.
इन रास्तों से जा सकेंगे वाहन
सीलमपुर और धर्मपुरा लालबत्ती को खुला रखा गया है. मौजपुर से गांधी नगर या पुरानी दिल्ली जाने वाले वाहन चालक धर्मपुरा होते हुए पुराने लोहा पुल का रास्ता अपना सकते हैं. शास्त्री पार्क चौक से गीता कालोनी और पुरानी दिल्ली की ओर भी जाया जा सकता है. हालांकि इस रास्ते से कश्मीरी गेट की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी.
पिछले साल की परेशानी से लिया सबक
साल 2025 में पहली बार कांवड यात्रा के दौरान शाहदरा जीटी रोड को बंद किया गया था. उस समय एक प्रमुख मार्ग बंद होने से यमुनापार के कई इलाकों में भारी जाम की स्थिति बन गई थी. पिछले अनुभव को देखते हुए इस बार यातायात व्यवस्था में कुछ बदलाव किए गए हैं, ताकि वैकल्पिक मार्गों पर दबाव कम किया जा सके.
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जरूरी होने पर ही निजी वाहन लेकर निकलें और संभव हो तो मेट्रो का इस्तेमाल करें. खासकर शाहदरा जीटी रोड और उससे जुडे इलाकों में जाने वाले लोगों को घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखनी चाहिए.