नई दिल्ली: मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा अलर्ट के अनुसार दिल्ली-एनसीआर के लोगों को आने वाले दिनों में मौसम में बड़े बदलाव के लिए तैयार रहना होगा. राजधानी और आसपास के इलाकों में अगले तीन दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.
बीते दिन दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई थी लेकिन इसका तापमान पर ज्यादा असर नहीं पड़ा. 30 मार्च को न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. हालांकि अब मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में मौसम करवट लेने वाला है.
IMD के मुताबिक आज यानी 31 मार्च को शाम के समय दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. कुछ इलाकों में हवा के तेज झोंके 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं, जिससे मौसम अचानक ठंडा महसूस हो सकता है.
मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि अगले 48 घंटों के भीतर अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं होगी और इसके बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है.
आने वाले दिनों के पूर्वानुमान पर नजर डालें तो 31 मार्च के अलावा 3 और 4 अप्रैल को भी बारिश की संभावना जताई गई है. इन दिनों के दौरान मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रह सकता है और तापमान में कमी देखने को मिलेगी.
3 और 4 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. यह गिरावट लोगों को तेज गर्मी से कुछ समय के लिए राहत दे सकती है.
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रहे हैं, जो उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित कर रहा है. ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम के अनुसार तेज हवाओं व बारिश के दौरान सावधानी बरतें.