Assam Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

पीएम मोदी आज दिल्लीवासियों को देंगे 33,500 करोड़ के मेगा प्रोजेक्ट्स की सौगात, शुरू होंगे नए मेट्रो कॉरिडोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में लगभग 33,500 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे. इसमें दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन और कई अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है.

ani
Kuldeep Sharma

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में आज बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत होने जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली में करीब 33,500 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इन परियोजनाओं में दिल्ली मेट्रो के नए कॉरिडोर, सरकारी आवास पुनर्विकास और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने से जुड़े काम शामिल हैं. सरकार का मानना है कि इन योजनाओं से दिल्ली की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, आवास सुविधाएं आधुनिक बनेंगी और प्रशासनिक कार्यों में भी गति आएगी.

दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन

प्रधानमंत्री लगभग 18,300 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुए दिल्ली मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. इसके तहत दो नए कॉरिडोर शुरू किए जाएंगे. पहला करीब 12.3 किलोमीटर लंबा मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर तक का पिंक लाइन कॉरिडोर है. दूसरा करीब 9.9 किलोमीटर लंबा दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक का मैजेंटा लाइन कॉरिडोर है. इन रूटों के शुरू होने से उत्तर और पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों को बेहतर मेट्रो सुविधा मिलेगी.

कई इलाकों को मिलेगी नई कनेक्टिविटी

इन नए कॉरिडोर के शुरू होने से राजधानी के कई क्षेत्रों में यात्रा आसान हो जाएगी. बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा और यमुना विहार जैसे इलाकों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा. इसके अलावा मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क जैसे क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए भी आवाजाही पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो जाएगी. इससे ट्रैफिक दबाव कम होने की भी उम्मीद है.

मेट्रो फेज-5 के तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास

इस अवसर पर प्रधानमंत्री दिल्ली मेट्रो के फेज-5 ए के तहत तीन नए कॉरिडोर की आधारशिला भी रखेंगे. ये कॉरिडोर कुल मिलाकर 16 किलोमीटर से अधिक लंबाई के होंगे. इनमें आर.के. आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ, एरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक के मार्ग शामिल हैं. इन परियोजनाओं से राजधानी के विभिन्न हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी.

सरकारी आवास पुनर्विकास परियोजना

प्रधानमंत्री जनरल पूल रेजिडेंशियल अकोमोडेशन (GPRA) पुनर्विकास योजना से जुड़े लगभग 15,200 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का भी उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. सरोजिनी नगर, नेताजी नगर, कस्तूरबा नगर और श्रीनिवासपुरी में पुराने सरकारी आवासों को आधुनिक रूप दिया जाएगा. इस योजना के तहत 9,350 से अधिक नए फ्लैट और लगभग 48 लाख वर्ग फुट कार्यालय क्षेत्र विकसित किया जाएगा, जिससे सरकारी कामकाज की दक्षता बढ़ाने में मदद मिलेगी.