PM Modi Birthday: पीएम मोदी के जन्मदिन पर दिल्ली में होंगे 4 बड़े कार्यक्रम, कर्तव्य पथ पर जलेंगे 1.25 लाख दिये
दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को चार खास कार्यक्रम आयोजित करेगी. इनमें कर्तव्य पथ पर एक लाख 25 हजार दिये जलाना, बड़ा रक्तदान शिविर, 108 कुंडों का यज्ञ और 'नमो श्रमिक सेवा केंद्र' का उद्घाटन शामिल है.
PM Modi Birthday: दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को चार खास कार्यक्रम आयोजित करेगी. इनमें कर्तव्य पथ पर एक लाख 25 हजार दिये जलाना, बड़ा रक्तदान शिविर, 108 कुंडों का यज्ञ और 'नमो श्रमिक सेवा केंद्र' का उद्घाटन शामिल है. मुख्यमंत्री कार्यालय ने बुधवार को इसकी जानकारी दी.
पीएम मोदी के जन्मदिन पर दिल्ली में होंगे 4 बड़े कार्यक्रम
ये कार्यक्रम महीने भर चलने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' का हिस्सा हैं. यह अभियान मोदी जी के सार्वजनिक सेवा के 25 साल पूरे होने पर चलाया जा रहा है. इस दौरान परिवहन, सड़क, सीवरेज, जल शोधन, शिक्षा, बिजली, सार्वजनिक सुविधाएं और शहर की सुंदरता से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन या शिलान्यास भी होगा.
कर्तव्य पथ पर जलेंगे 1.25 लाख दिये
शाम सात बजे कर्तव्य पथ पर सरकारी योजनाओं के लाभार्थी और अन्य लोग मिलकर एक लाख 25 हजार दिये जलाएंगे. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि वे भी शाम छह से सात बजे अपने घरों में 'आशीर्वाद का दीया' जलाएं.
Also Read
रक्तदान शिविर त्यागराज स्टेडियम में सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा. इसमें 2500 यूनिट रक्त जमा करने का लक्ष्य रखा गया है. दिल्ली सरकार के 11 अस्पतालों और अन्य संस्थानों के ब्लड बैंक इसमें भाग लेंगे. अलीपुर स्थित खाटू श्याम दिल्ली धाम में 108 कुंडों वाला यज्ञ भी आयोजित होगा.
सरकार 'नमो श्रमिक सेवा केंद्र' भी शुरू करेगी. यहां मजदूरों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में मदद मिलेगी. पंजीकरण, दस्तावेज जांच और आवेदन की स्थिति की जानकारी यहां दी जाएगी.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा- 'प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर नागरिकों की शुभकामनाएं, प्रार्थनाएं और सेवा का संकल्प ही उनके लिए सबसे बड़ा तोहफा होगा.'
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के अनुसार कर्तव्य पथ पर दिये जलाने के कार्यक्रम में करीब पांच हजार लोग शामिल होने वाले हैं. इनमें केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थी, एनडीएमसी कर्मचारी, छात्र और शिक्षक होंगे.