नई दिल्ली: दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके से सामने आया 10 महीने की बच्ची के कथित अपहरण का मामला अब बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाले मोड़ पर पहुंच गया है. शुरुआती जांच में जिस घटना को किडनैपिंग बताया जा रहा था, अब पुलिस को शक है कि बच्ची की हत्या उसके ही पिता ने की है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी पिता ने शनिवार और रविवार की रात अपनी पत्नी और बड़ी बेटी को खाने या पीने की चीज में नशीला पदार्थ मिलाकर दे दिया था. दोनों के बेहोश होने के बाद उसने कथित रूप से अपनी 10 महीने की मासूम बच्ची की हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि बाद में शव को एक सेप्टिक टैंक में फेंक दिया गया.
दिल्ली: पुलिस ने मुकुंदपुर इलाके में एक बच्ची की लाश बरामद की है और उसके पिता को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दीपक के तौर पर हुई है। आरोपी की पहले से एक बेटी थी, और दूसरी बेटी के जन्म पर उसने हत्या कर दी। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। सोर्स: दिल्ली…
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 24, 2026
रविवार सुबह परिवार की ओर से पुलिस को सूचना दी गई थी कि बच्ची लापता हो गई है. परिवार ने दावा किया था कि बच्ची के पिता दूध लेने बाहर गए थे और जब वह लौटे तो बच्ची घर में नहीं मिली. इसके बाद पुलिस ने तुरंत इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया था.
बच्ची के दादा ने मीडिया को बताया था कि उनका बेटा सुबह दूध लेने गया था और वापस लौटने पर बच्ची गायब थी. वहीं बच्ची की मां सूर्या ने कहा था कि जब उनके पति घर लौटे तो उन्होंने उन्हें और बड़ी बेटी को बेहोशी की हालत में पाया.
हालांकि जांच के दौरान पुलिस को पिता की कहानी पर शक हुआ. पूछताछ में कई बयान आपस में मेल नहीं खा रहे थे. इसके बाद जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी पर शक गहराता गया. सूत्रों के अनुसार आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उसने अपनी छोटी बेटी की हत्या की और शव को सेप्टिक टैंक में फेंक दिया.
फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस को शक है कि इस मामले में परिवार के कुछ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं. बच्ची के शव की तलाश जारी है और पुलिस आसपास के इलाके की गहन जांच कर रही है.
एक मासूम बच्ची की मौत और उस पर पिता के शामिल होने के आरोप ने लोगों को हैरान कर दिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी.