होली पर दिल्ली-NCR में करना चाहते हैं मेट्रो, बस और नमो भारत से सफर? टाइम टेबल में बदलाव; यात्रियों के लिए जरूरी अपडेट

होली 2026 (4 मार्च, बुधवार) पर दिल्ली-NCR में सार्वजनिक परिवहन की सेवाएं प्रभावित रहेंगी. दिल्ली मेट्रो दोपहर 2:30 बजे से चालू होगी, नमो भारत और मेरठ मेट्रो शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक.

ANI
Reepu Kumari

नई दिल्ली: रंगों का त्योहार होली इस बार दिल्ली-NCR के यात्रियों के लिए कुछ खास चुनौतियां लेकर आया है. मेट्रो, बस और रैपिड ट्रांजिट जैसी नमो भारत सेवाओं में त्योहार के मद्देनजर बदलाव किए गए हैं, ताकि कर्मचारी भी परिवार के साथ रंग खेल सकें. वहीं, घर लौटने वालों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों का इंतजाम किया है. पिछले कुछ दिनों में लाखों यात्रियों ने ट्रेनों से सफर किया है. अगर आप होली पर कहीं जा रहे हैं, तो इन बदलावों से पहले ही अवगत हो लें, ताकि कोई असुविधा न हो.

मेट्रो सेवा दोपहर से शुरू

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने होली के दिन सभी लाइनों पर सेवाएं दोपहर 2:30 बजे से शुरू करने का फैसला किया है. एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन समेत हर कॉरिडोर पर यह बदलाव लागू होगा. सुबह और दोपहर के शुरुआती घंटों में मेट्रो नहीं चलेगी, जिससे कर्मचारियों को परिवार के साथ समय मिल सके. 2:30 बजे के बाद ट्रेनें टर्मिनल स्टेशनों से सामान्य रूप से चलेंगी. यात्री अपनी यात्रा इसी समय के अनुसार प्लान करें, ताकि कोई देरी न हो.

नमो भारत शाम 5 बजे से चालू

दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर चलने वाली नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो होली पर सुबह से शाम 5 बजे तक बंद रहेंगी. एनसीआरटीसी के अनुसार, शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक ही सेवाएं उपलब्ध होंगी. सामान्य दिनों में ये ट्रेनें सुबह 6 बजे से चलती हैं, लेकिन त्योहार पर यात्रियों की संख्या कम होने के कारण यह फैसला लिया गया. मेरठ जाने वालों को शाम के बाद ही सफर करना होगा.

डीटीसी बसें दोपहर 2 बजे बाद

दिल्ली में डीटीसी बसों का संचालन होली पर पहली शिफ्ट में नहीं होगा. दोपहर 2 बजे के बाद दूसरी शिफ्ट शुरू होगी, लेकिन सिर्फ 25% बसें सड़कों पर उतरेंगी. अधिकारी बताते हैं कि जरूरत पड़ने पर रूट्स पर फेरे बढ़ाए जा सकते हैं. यह व्यवस्था यात्रियों की सुविधा और कर्मचारियों के त्योहार मनाने के लिए की गई है. सुबह-सुबह बसों का इंतजार न करें.

रेलवे की स्पेशल ट्रेनें जारी

होली पर घर लौटने वालों की भीड़ दिल्ली के स्टेशनों पर लगातार बढ़ रही है. पिछले पांच दिनों में करीब 14 लाख यात्रियों ने स्पेशल ट्रेनों से सफर किया. मंगलवार को भी 22 स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं. उत्तर रेलवे के प्रवक्ता के मुताबिक, पूर्वी राज्यों के लिए ये ट्रेनें चल रही हैं. स्टेशनों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं. पिछले साल की तुलना में 18 फीसदी कम यात्रा हुई थी, लेकिन इस बार भीड़ ज्यादा है.