नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में बुधवार तड़के एक बड़ी आग लग गई. इलाके के मशहूर इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम विजय सेल्स में यह आग लगी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेजी से फैली कि बेसमेंट से लेकर तीसरी मंजिल तक सब कुछ अपनी चपेट में ले लिया.
दिल्ली फायर सर्विस को सुबह करीब 4:15 बजे आग लगने की सूचना मिली. शोरूम मेट्रो पिलर नंबर 663 के पास स्थित है. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई. शुरुआत में 3 वाटर टेंडर और 6 वाटर बाउजर भेजे गए. आग की भयानक स्थिति देखते हुए इसे मेक-6 घोषित कर दिया गया और और भी दमकल गाड़ियां भेजी गईं.
#WATCH | दिल्ली: नजफगढ़ रोड पर विजय सेल्स की बिल्डिंग में आग लगी. दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं, अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है. pic.twitter.com/vZvhRT8qYa
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 1, 2026Also Read
कुल 13 दमकल गाड़ियां (5 वाटर टेंडर, 6 वाटर बाउजर, 1 ब्रीदिंग फायर टेंडर और 1 मल्टीपरपज वाहन) ने करीब 2 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया. दमकल कर्मियों ने पहले आग को आसपास की अन्य इमारतों में फैलने से रोका. सुबह 6:30 बजे आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया और 6:55 बजे आग बुझाने का अभियान खत्म कर दिया गया.
शोरूम करीब 350 वर्ग गज में फैला हुआ था. बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और ऊपरी तीनों मंजिलों में रखा इलेक्ट्रॉनिक्स सामान, टीवी, फ्रिज, फर्नीचर और अन्य सामान आग में जलकर राख हो गया. भारी नुकसान हुआ है. राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है. दमकल विभाग आग लगने के सही कारणों की जांच कर रहा है. प्रारंभिक जांच में अभी कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है. शॉर्ट सर्किट, इलेक्ट्रिकल गड़बड़ी या कोई अन्य वजह हो सकती है.