menu-icon
India Daily

'अगर तुमने मुझे छुआ तो मैं...', दिल्ली में चलती कार में महिला से यौन उत्पीड़न; पीड़िता ने मोबाइल से बनाया वीडियो

दिल्ली के मंडावली इलाके में एक 24 वर्षीय महिला ने अपने परिचित युवक पर चलती कार में यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है. महिला ने घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया. पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'अगर तुमने मुझे छुआ तो मैं...', दिल्ली में चलती कार में महिला से यौन उत्पीड़न; पीड़िता ने मोबाइल से बनाया वीडियो
Courtesy: Chatgpt (Representative image)

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी इलाके में 24 वर्षीय एक महिला ने अपने परिचित युवक पर चलती कार में यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है. पीड़िता की शिकायत के आधार पर मंडावली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे महिला ने कथित घटना के दौरान अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया.

पुलिस के अनुसार महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी उसे मोमो खाने के बहाने अपने साथ ले गया. रास्ते में उसने पहले सीएनजी भरवाने की बात कही और फिर कार को सुनसान इलाके की ओर मोड़ दिया. महिला का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसके साथ अश्लील बातें कीं, यौन संबंध बनाने का दबाव डाला, अनुचित तरीके से छूने की कोशिश की और उसे कार से बाहर निकलने नहीं दिया.

महिला ने क्या लगाया आरोप?

महिला ने आरोप लगाया कि जब उसने विरोध किया तो आरोपी लगातार उस पर दबाव बनाता रहा. इस दौरान उसने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली. सामने आए वीडियो में महिला आरोपी से उसे जाने देने की गुहार लगाती सुनाई देती है. वह बार-बार कहती है कि उसे हाथ न लगाया जाए और उसे कार से बाहर जाने दिया जाए.

शिकायत के अनुसार आरोपी ने महिला को कथित तौर पर बदनाम करने की धमकी भी दी. महिला ने वीडियो में अपनी सुरक्षा को लेकर डर जताते हुए कहा कि यदि उसके साथ जबरदस्ती की गई तो वह चलती गाड़ी से कूद जाएगी. वीडियो में दोनों के बीच तीखी बहस भी सुनाई देती है.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

मंडावली थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी उपलब्ध साक्ष्यों, जिसमें वीडियो रिकॉर्डिंग भी शामिल है, की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल पुलिस ने आरोपी और पीड़िता के संबंध, घटना के समय, स्थान और अन्य परिस्थितियों की भी जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी.