menu-icon
India Daily

AQI 400 पार होते ही दिल्ली-NCR में लौटा ग्रैप 3, स्कूल बंद होने से लेकर वर्क फ्राम होम को लेकर आ सकता है बड़ा फैसला

दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण के चलते GRAP-3 लागू कर दिया गया है. कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया, जिससे हालात गंभीर हो गए हैं. प्रशासन ने डीजल वाहनों, निर्माण कार्य और जनरेटर पर सख्त पाबंदियां लगाई हैं.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
AQI 400 पार होते ही दिल्ली-NCR में लौटा ग्रैप 3, स्कूल बंद होने से लेकर वर्क फ्राम होम को लेकर आ सकता है बड़ा फैसला
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: दिल्ली एक बार फिर से जहरीली हवा के आगोश में है. दिल्ली-NCR की हवा एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है. ठंड, कम हवा की रफ्तार और स्थिर मौसम के कारण स्मॉग की मोटी परत पूरे क्षेत्र में छाई हुई है.

प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए CAQM ने GRAP-3 लागू कर दिया है. इसके तहत आम लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए कई सख्त प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं.

तेजी से बिगड़े प्रदूषण के हालात

शनिवार सुबह दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक 401 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है. कुछ इलाकों में AQI 440 से ऊपर पहुंच गया. विजिबिलिटी घटने से लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होने लगी है. विशेषज्ञों के अनुसार मौसम की मौजूदा स्थिति ने प्रदूषण को फंसाकर रखा है.

GRAP-3 के तहत सख्त पाबंदियां

GRAP-3 लागू होने के साथ डीजल बसों, पुराने वाहनों और गैर-जरूरी निर्माण कार्यों पर रोक लग गई है. स्टोन क्रशर और खनन गतिविधियां भी बंद कर दी गई हैं. इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर डीजल जनरेटर के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध लगाया गया है.

स्कूल और ऑफिस को लेकर विकल्प खुले

प्रदूषण के गंभीर स्तर को देखते हुए कक्षा 5 तक के स्कूलों को बंद कर ऑनलाइन पढ़ाई की अनुमति दी जा सकती है. कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम या हाइब्रिड मॉडल अपनाने की सलाह दी गई है, ताकि सड़कों पर वाहनों की संख्या कम की जा सके.

इलाकों में रिकॉर्ड हुआ बेहद खराब AQI

CPCB के आंकड़ों के अनुसार वजीरपुर, विवेक विहार, आनंद विहार, रोहिणी और अशोक विहार जैसे इलाकों में AQI 430 से 445 के बीच दर्ज किया गया. कुल 21 निगरानी केंद्रों पर AQI 400 से ऊपर रहा, जो हालात की गंभीरता को दिखाता है.

डॉक्टरों की चेतावनी और आगे का अनुमान

दिल्ली का एक्यूआई, जो 12.12.2025 को शाम 4 बजे 349 दर्ज किया गया था, रात के दौरान तेजी से बढ़ा और 13.12.2025 को सुबह 10:00 बजे धीमी हवा की गति, स्थिर वातावरण, प्रतिकूल मौसम मापदंडों और मौसम संबंधी स्थितियों तथा प्रदूषकों के फैलाव की कमी के कारण 401 दर्ज किया गया. डॉक्टरों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को घर में रहने की सलाह दी है. मास्क पहनने और सुबह-शाम बाहर निकलने से बचने को कहा गया है. पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार अगले कुछ दिनों में भी हवा के साफ होने की उम्मीद बेहद कम है.

Topics