दिल्ली में दर्दनाक हादसा, खुले सीवर ने छीन ली 4 साल के इमरान की जिंदगी; 23 घंटे बाद मिले अवशेष

पश्चिमी दिल्ली के नांगली विहार में चार साल का इमरान खेलते समय खुले सीवर में गिर गया था. करीब 23 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद घटनास्थल से सात किलोमीटर दूर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में बच्चे के अवशेष मिले.

Pinterest
Km Jaya

पश्चिमी दिल्ली के नांगली विहार में एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. यहां खेलते समय खुले सीवर में गिरा चार साल का मासूम इमरान करीब सात किलोमीटर तक गंदे पानी के तेज बहाव में बह गया. 

लगभग 23 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से एक बच्चे के शरीर के अवशेष बरामद किए गए हैं. हालांकि, उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि के लिए दिल्ली पुलिस ने इमरान के माता-पिता के DNA सैंपल लिए हैं.

खेलते समय खुले सीवर में गिरा था मासूम

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर इमरान पश्चिमी दिल्ली के नांगली विहार स्थित दास गार्डन पार्क के पास खेल रहा था. इसी दौरान वह खुले सीवर के मैनहोल में गिर गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं और बच्चे की तलाश शुरू की. काफी मशक्कत के बाद बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे घटनास्थल से लगभग सात किलोमीटर दूर स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में बच्चे के अवशेष मिले.


DNA जांच से होगी शव की पहचान

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बरामद अवशेषों की स्थिति काफी खराब होने के कारण सामान्य तरीके से पहचान करना मुश्किल है. ऐसे में वैज्ञानिक तरीके से पहचान सुनिश्चित करने के लिए DNA प्रोफाइलिंग कराने का फैसला लिया गया है. इसके लिए इमरान के माता-पिता के सैंपल लिए गए हैं. इनका मिलान बरामद अवशेषों से प्राप्त DNA से किया जाएगा. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे की पहचान की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी.

दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारी को नोटिस

इस दर्दनाक घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने दिल्ली जल बोर्ड के एक अधिकारी को नोटिस जारी कर जांच में शामिल होने और घटना को लेकर जवाब देने के लिए कहा है. इससे पहले जल बोर्ड के अधिकारी ने बताया था कि सीवर का मैनहोल काफी गहरा था. घटनास्थल से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तक करीब सात किलोमीटर के रास्ते में 10 से 20 फीट गहरे कई मुख्य मैनहोल मौजूद हैं.

अधिकारी के अनुसार, सीवर की पाइपलाइन ढलान पर बनाई गई है, ताकि गंदा पानी बिना पंपिंग के बहता रहे. आशंका जताई जा रही है कि मैनहोल में गिरने के बाद इमरान पानी के तेज बहाव में बहता हुआ ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंच गया. इस दौरान पाइपलाइन की दीवारों, पुराने लोहे के टुकड़ों और बाहर निकली लोहे की छड़ों से टकराने के कारण अवशेषों को काफी नुकसान पहुंचा.

बाल अधिकार आयोग ने मांगी दो सप्ताह में रिपोर्ट

मासूम की मौत के मामले में दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग (DCPCR) ने भी स्वतः संज्ञान लिया है. आयोग ने दिल्ली नगर निगम (MCD), दिल्ली जल बोर्ड, बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त (DCP) और रनहोला थाने के प्रभारी को नोटिस जारी किया है. सभी संबंधित विभागों से दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट मांगी गई है. आयोग ने इस मामले की अगली सुनवाई 15 दिसंबर को निर्धारित की है.