नई दिल्ली: मंगलवार तड़के करीब नौ घंटे तक छाए घने कोहरे के कारण राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में दृश्यता घटकर 50 मीटर तक कम हो गई, जिससे हवाई और रेल दोनों सेवाएं प्रभावित हुईं. विशेषज्ञों ने कहा कि कोहरा पिछले पश्चिमी विक्षोभ से आई नमी के कारण था, जिसका प्रभाव बुधवार तक समाप्त हो जाएगा. शहर में सबसे कम दृश्यता सफदरजंग में 50 मीटर दर्ज की गई, उसके बाद पालम में 100 मीटर रही. आईएमडी की मानें तो, 'सोमवार रात से ही दृश्यता तेजी से गिरने लगी और रात 11:30 बजे तक यह 100 मीटर तक पहुंच गई थी. मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक यह इसी स्तर पर बनी रही.'
आईएमडी के अनुसार, यदि दृश्यता 1,000-500 मीटर के बीच हो तो कोहरा 'हल्का' कहलाता है; 500 और 200 मीटर के बीच होने पर 'मध्यम'; 199 और 50 मीटर के बीच होने पर 'घना', और 50 मीटर से कम होने पर 'बहुत घना' कहलाता है.
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर कोई भी उड़ान रद्द या डायवर्ट नहीं हुई, लेकिन फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटराडार24 के अनुसार, दिन भर में 500 से अधिक उड़ानें विलंबित रहीं, जिनमें मुख्य रूप से प्रस्थान करने वाली उड़ानें शामिल थीं. औसत विलंब समय लगभग 30 मिनट था. राजधानी से आने-जाने वाली 50 से अधिक ट्रेनें भी दिन के शुरुआती घंटों में देरी से चलीं.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि आने वाले दिनों में कोहरे की तीव्रता में कमी आने की संभावना है और 5 फरवरी से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के क्षेत्र को प्रभावित करने की उम्मीद है, जिससे सतही हवा की गति बढ़ जाएगी.
अधिकारी ने बताया, 'फिलहाल, 6 और 7 फरवरी को बादल छाए रहने और सतह पर 20-30 किमी/घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है.' उन्होंने आगे कहा कि बुधवार को केवल हल्का से मध्यम कोहरा रहने की संभावना है और अगले पश्चिमी विक्षोभ के दौरान शहर में बारिश की संभावना कम है.
मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था. सोमवार को यह 10.4 डिग्री सेल्सियस था. सुबह करीब 10 बजे कोहरा छट गया और तेज धूप निकल आई, जिससे आज का दिन पिछले दिन की तुलना में अपेक्षाकृत गर्म रहा.
सोमवार को अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो साल के इस समय के सामान्य तापमान से पांच डिग्री कम है. पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार तक तापमान 21-23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और रविवार तक इसमें 1-2 डिग्री सेल्सियस की और वृद्धि होगी.
इस बीच, दिल्ली की वायु गुणवत्ता , जो सोमवार सुबह कुछ समय के लिए मध्यम श्रेणी में थी, लगातार बिगड़ती रही और खराब श्रेणी के ऊपरी स्तर पर पहुंच गई.
मंगलवार को शाम 4 बजे 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 272 रहा, जो सोमवार को शाम 4 बजे के 210 से अधिक है. पूर्वानुमानों के अनुसार, हवा की गति में सुधार होने से 5 फरवरी तक AQI के फिर से "मध्यम" स्तर पर पहुंचने की उम्मीद है.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) वायु गुणवत्ता को मध्यम तब मानता है जब एक्यूआई 101 और 200 के बीच होता है, खराब 201 और 300 के बीच और बहुत खराब 301 और 400 के बीच होता है. 400 से ऊपर वायु गुणवत्ता को गंभीर कहा जाता है.
केंद्र सरकार की दिल्ली वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (ईडब्ल्यूएस) ने सोमवार को कहा, 'दिल्ली की वायु गुणवत्ता 3 और 4 फरवरी को 'खराब' श्रेणी में रहने की संभावना है. 5 से 6 फरवरी तक वायु गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में रहने की संभावना है.'