दिल्ली के अशोक नगर इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. सोशल मीडिया पर नजर आ रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि एक मजाक के कारण इंसान की जिंदगी खत्म हो गई. इस मामले में 28 साल के व्यक्ति ने मजाक में अपनी छाती पर गोली मार ली. वहीं उसका भाई इस घटना को मोबाइल में कैद करता रह गया.
यह घटना दल्लूपुरा इलाके का है. जिसमें 28 वर्षीय युवक पवन कुमार अपने चचेरे भाई हिमांशु की लाइसेंसी पिस्तौल हाथ में ले रहे थे. शुरुआती जांच में पता चला कि पवन कोई स्टंट करके वीडियो बनाना चाहते थे. उन्होंने पिस्तौल में मैगजीन डाली और फिर उसे अपनी छाती से सटाया. भाई के मना करने के बाद भी उसने ट्रिगर दबा दिया.
सोशल मीडिया पर वायरल इस दिल दहला देने वाले वीडियो में सब कुछ साफ नजर आ रहा है. पवन पिस्तौल में मैगजीन डालते नजर आते हैं. कैमरे के पीछे से हिमांशु उन्हें तरीका बताता सुनाई देता है. वह कहता है कि बटन दबाओ, यह अंदर चली जाएगी. मैगजीन डालने के बाद पवन पिस्तौल को कॉक करते हैं, जिसपर हिमांशु चेतावनी भी देता है कि इसे चलाना मत. हालांकि उनकी बात सुनने के कुछ सेकंड बाद पवन पिस्तौल को छाती के बाईं ओर रखते हैं और कैमरे की ओर देखकर मुस्कुराते हैं. फिर अचानक ट्रिगर दबा देते हैं. गोली लगते ही वे जमीन पर गिर पड़ते हैं और खून बहने लगता है. वहीं हिमांशु सदमे में चिल्लाता है रह जाता है.
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि इस घटना के बाद पवन को तुरंत वसुंधरा एन्क्लेव के धर्मशिला अस्पताल ले जाया गया. लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पवन ने गोली सीधे छाती में मारी थी, इसलिए कुछ सेकेंड के भीतर उनकी सांसे रुक गई. पुलिस ने हिमांशु की लाइसेंसी पिस्तौल और उसके साथ 10 जिंदा कारतूस जब्त कर लिए. हिमांशु का मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया गया. जांच, वीडियो और परिस्थितियों के आधार पर न्यू अशोक नगर पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धारा 105 के तहत मामला दर्ज कर लिया है. साथ ही शस्त्र अधिनियम के संबंधित प्रावधान भी लगाए गए हैं.