भीषण गर्मी के बीच दिल्ली में काम करने वाले मजदूरों के लिए राहत भरी खबर, सीएम रेखा गुप्ता ने दिए ये निर्देश
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने निर्देश दिए है कि दिल्ली में दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक कोई भी मजदूर काम नहीं करेगा.
दिल्ली सहित पूरे भारत में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है. कई शहरों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया है. इसी बीच दिल्ली में काम करने वाले मजदूरों लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने निर्देश दिए है कि दिल्ली में दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक कोई भी मजदूर काम नहीं करेगा.
धूप में काम नहीं करेंगे मजदूर
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि हर मंत्रालय इस मौसम के दौरान किए जाने वाले कामों के बारे में साफ दिशा-निर्देश जारी करेगा. उन्होंने कहा कि फैक्ट्री या निर्माणाधीन साइट्स पर खुली धूप में मजदूरों से काम नहीं कराया जाएगा.
स्कूलों के लिए भी निर्देश जारी
सीएम ने कहा कि हीटवेव को देखते हुए दिल्ली सरकार पूरी तरह से मुस्तैद है. उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि स्कूलों में बच्चों के लिए ठंडा पानी, स्वच्छ वातावरण और बच्चों को घर भेजने से पहले उन्हें ORS पिलाना प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए.
इसके साथ परिवहन विभाग द्वारा बस शेल्टर्स पर पानी के काउंटर लगाए जाएंगे. डीटीसी बसों में कोल्ड बॉक्स के माध्यम से ठंडा पानी उपलब्ध कराया जाएगा. सीएम ने कहा कि एमसीडी, पीडब्यूडी और स्वास्थ्य विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है. इसके अलावा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि लोगों को इस भीषण गर्मी में निर्बाध बिजली और जल की आपूर्ति होती रहे.