दिल्ली में आज होगा आंधी-बारिश का कमबैक, 50KMPH की स्पीड से चलेंगी हवाएं; येलो अलर्ट जारी

दिल्ली में एक बार फिर से आंधी-बारिश का आज कमबैक हो सकता है. मौसम विभाग की ओर से चेतावनी जारी की गई है. अपडेट के मुताबिक 50 की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने वाली है.

ANI
Shanu Sharma

दिल्ली में चील-चिलाती गर्मी ने लोगों के लिए मुसीबत खड़ा कर दिया है. सुबह 8 बजे से ही तेज धूप के कारण लोगों को घर से निकलने में काफी परेशानी हो रही है. लेकिन अब लोगों को इस गर्मी से राहत मिलने वाली है.

मौसम विभाग की ओर से बताया गया कि आज ज्यादातर इलाकों में बादल छाए रहेंगे. दोपहर तक कई इलाकों में हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है. इतना ही नहीं 50 तक की स्पीड से आंधी-तूफान भी आने की उम्मीद और बिजली के कारण लोगों की परेशानी बढ़ सकती है.

मौसम विभाग ने क्या कहा?

IMD ने बताया कि कल यानी 30 मार्च को भी हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है. बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है. दिल्ली का अधिकतम तापमान शनिवार को 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह सामान्य से थोड़ा ज्यादा था, वहीं न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री रहा. मार्च महीना अभी खत्म भी नहीं हुआ है और तेज गर्मी ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है. जिसके बाद आज मौसम विभाग की ओर से 3 अप्रैल तक बारिश की चेतावनी दी गई है. हालांकि पहला पूरा हफ्ता मौसम थोड़ा सुहावना रहने की उम्मीद है.

पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदला मौसम

मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. तेज हवाओं के कारण कमजोर छतें, पेड़ या बैनर गिर सकते हैं. इसके अलावा बिजली गिरने की भी संभावना है, ऐसे में खुले जगहों पर न रहें. अगर बाहर भी हैं तो किसी घर के नीचे रुक  जाएं, पेड़ के नीचे रुकना सही नहीं होता है. यहां पर सबसे ज्यादा बिजली गिरने की संभावना होती है. अगर आसपास में भी कहीं जा रहे हों तो छाता अपने पास रखें. बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखें.

पश्चिमी विक्षोभ के कारण पूरे दिल्ली-एनसीआर में आंधी-बारिश का माहौल है. कहीं भी निकलने से पहले एक बार IMD अपडेट जरूर ले लें, नहीं तो आपका पूरा प्लान फेल हो सकता है. हालांकि मौसम ठंडा रहने पर आप आसपास में घूमने का प्लान भी बना सकते हैं. क्योंकि अप्रैल के पहले हफ्ते के बाद एक बार फिर से गर्मी बढ़ेगी.