menu-icon
India Daily

दिल्ली-NCR में अगले 2 घंटे में जमकर बरसेंगे बादल, तेज आंधी से बदलेगा मौसम का मिजाज; अलर्ट जारी

दिल्ली-NCR में अगले दो घंटे में तेज आंधी और बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.

KanhaiyaaZee
दिल्ली-NCR में अगले 2 घंटे में जमकर बरसेंगे बादल, तेज आंधी से बदलेगा मौसम का मिजाज; अलर्ट जारी
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग ने अगले 2 घंटे में दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना जताई है. मौसम में होनेवाले इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है. हालांकि बीते दिनों हुई बारिश से यहां का मौसम खुशगवार बना हुआ है.

मौसम विभाग के मानें तो अगले दो घंटे में दिल्ली एनसीआर में अधिकतर जगहों पर तेज हवाएं चल सकती है और इस दौरान हवाओं की गति 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है. मौसम में बदलाव का असर न सिर्फ दिल्ली, बल्कि यूपी और हरियाणा के कुछ जिलों में भी देखने को मिल सकता है. एनसीआर के बहादुरगढ़, गुरुग्राम, मानेसर के अलावा अन्य जगहों पर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है.

हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के जिलों में अलर्ट 

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में हरियाणा के गोहाना, गन्नौर, हांसी, मेहम, सोनीपत, तोशाम, रोहतक, खरखौदा, भिवानी, चरखी दादरी, मट्टनहैल, झज्जर, फारुखनगर, कोसली, सोहना, रेवाड़ी, पलवल, बावल, नूंह, औरंगाबाद और होडल में, जबकि उत्तर प्रदेश के बड़ौत, बागपत, खेकड़ा, नंदगांव, बरसाना, राया, मथुरा और राजस्थान के भिवाड़ी, तिजारा, खैरथल, अलवर, नगर, डीग, लक्ष्मणगढ़, नदबई व भरतपुर में भी अगले 2 घंटों के भीतर बारिश और गरज-चमक की प्रबल संभावना जताई है.

झुलसा देनेवाली गर्मी से लोगों का हाल बेहाल

बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में बीते दिनों झुलसा देनेवाली गर्मी से लोगों का हाल बेहाल हो गया था, जिसके बाद बारिश से मौसम का मिजाज बदला और लोगों को गर्मी से राहत मिली। बीते कुछ समय से कुछ दिनों के अंतराल पर दिल्ली एनसीआर में बारिश हो रही है, जिससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से काफी हद तक राहत मिली हुई है.