Philippines Plane Crash: हवा में टकराए दो सैन्य विमान, 4 पायलटों की दर्दनाक मौत

​​​​​​​Philippines Plane Crash: फिलीपींस की वायुसेना में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. 23 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3:51 बजे बातांगास प्रांत के लिपा शहर स्थित फर्नांडो एयर बेस पर ट्रेनिंग के दौरान दो सैन्य विमान हवा में टकरा गए.

X
Shilpa Srivastava

Philippines Plane Crash: फिलीपींस की वायुसेना में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. 23 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3:51 बजे बातांगास प्रांत के लिपा शहर स्थित फर्नांडो एयर बेस पर ट्रेनिंग के दौरान दो सैन्य विमान हवा में टकरा गए. इस हादसे में चार पायलटों की मौत हो गई. दोनों विमान एयर बेस की सीमा के अंदर ही गिरे. फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

फिलीपीन एयर फोर्स (PAF) ने शनिवार को घटना की आधिकारिक पुष्टि की. PAF ने मृतक पायलटों के प्रति शोक व्यक्त किया. हादसे के तुरंत बाद आपातकालीन और बचाव टीमों को मौके पर भेजा गया. वायुसेना के मुताबिक, इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है. एयर बेस के बाहर किसी तरह के नुकसान की भी जानकारी नहीं मिली है.

सभी SF-260 विमानों की उड़ान पर रोक:

हादसे के बाद फिलीपीन एयर फोर्स ने एहतियात के तौर पर अपने सभी SF-260 विमानों को फिलहाल उड़ान भरने से रोक दिया है. जांच पूरी होने और सुरक्षा से जुड़ी स्थिति साफ होने तक इन फ्लाइट्स का ऑपरेशन बंद रहेगा. वायुसेना के प्रवक्ता कर्नल अल्विन जे. कैपिंगुइयान ने बताया कि घटना के बाद तत्काल आपातकालीन कदम उठाए गए. अधिकारियों ने मृतक पायलटों के परिवारों को सहायता देने और उनकी निजता का सम्मान करने की बात कही है.


मामले की जांच की जा रही है. यह भी जांचा जा रहा है कि दोनों विमान हवा में कैसे टकराए. इसके पीछे पायलटों की गलती, तकनीकी खराबी, मौसम या विमानों के बीच संपर्क में समस्या जैसी वजहें हो सकती हैं. हालांकि, जांच पूरी होने से पहले किसी एक कारण को हादसे के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता.

जांच के बाद सामने आएगी असली वजह:

फर्नांडो एयर बेस फिलीपीन एयर फोर्स के लिए प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण केंद्र है. ऐसे में चार पायलटों की मौत से वायुसेना को बड़ा नुकसान हुआ है. अधिकारियों के सामने अब हादसे की वजह पता लगाने के साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने की चुनौती भी है. फिलहाल सभी SF-260 विमानों को ग्राउंडेड रखा गया है और जांच जारी है. जांच रिपोर्ट से पता चलेगा कि यह दुर्घटना मानवीय गलती, तकनीकी समस्या या किसी अन्य कारण से हुई.