जिम्मेदारी से भागने के लिए..., दिल्ली में पत्नी और तीन मासूम बेटियों की हत्या कर फरार पिता राजस्थान से गिरफ्तार; बताई हैरान करने वाली वजह
दिल्ली के समयपुर बादली में अपनी पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के आरोपी पति को राजस्थान के किशनगढ़ से गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ के दौरान उसने हत्याओं का कारण पैसे की तंगी और जिम्मेदारी से बचना बताया.
नई दिल्ली: दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में अपनी पत्नी और तीन मासूम बेटियों की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान 30 साल के मुनचुन केवट के तौर पर हुई है, जिसे राजस्थान के किशनगढ़ से पकड़ा गया. आरोपी घटना के बाद से ही फरार था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी.
यह दुखद घटना तब सामने आई जब आरोपी की पत्नी अनीता और उसकी तीन बेटियों, जिनकी उम्र तीन, चार और पांच साल थी, इनकी लाशें समयपुर बादली में उसके किराए के घर में संदिग्ध हालात में मिलीं. उनके गले किसी धारदार हथियार से काटे गए थे. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू की.
जांच के दौरान क्या चला पता?
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी मुनचुन केवट आजादपुर मंडी में सब्जी बेचने का काम करता था और परिवार मूल रूप से बिहार के पटना जिले का रहने वाला था. घटना के बाद आरोपी घर से भाग गया, जिसके बाद पुलिस की कई टीमें अलग-अलग राज्यों में उसकी तलाश कर रही हैं.
कैसे हुई गिरफ्तारी?
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक टेक्निकल सर्विलांस और एक मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की लोकेशन राजस्थान के किशनगढ़ में मिली. इसके बाद दिल्ली पुलिस की एक टीम वहां पहुंची और शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए दिल्ली लाया गया.
आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल किया. पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से पैसे की तंगी से जूझ रहा था, जिससे घर में अक्सर झगड़े होते थे. आरोपी ने बताया कि उसने पहले अपनी पत्नी को मारा और बाद में पैसे की तंगी और पारिवारिक तनाव के कारण अपनी तीन बेटियों को मार डाला.
क्या थी हत्या की वजह?
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बेटियों की जिम्मेदारी नहीं लेना चाहता था और उन्हें पालने में असमर्थ महसूस कर रहा था. बाहरी उत्तरी दिल्ली के पुलिस डिप्टी कमिश्नर हरेश्वर स्वामी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए डिटेल में जांच चल रही है.
फोरेंसिक टीम ने मौके से ज़रूरी सबूत इकट्ठा किए हैं और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस अब हत्या के हथियार और घटना के दूसरे पहलुओं की जांच कर रही है. घटना के सभी कारणों और हालात का पता लगाने के लिए आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है.