दिल्ली सरकार का बड़ा तोहफा! हर महीने 50 हजार रुपये तक की फेलोशिप, जानिए कैसे करें आवेदन?

दिल्ली सरकार ने अभिलेखागार और पुरातत्व अनुसंधान फेलोशिप शुरू करने का फैसला किया है. चयनित युवाओं को एक वर्ष तक हर महीने 25 हजार से 50 हजार रुपये मिलेंगे, ताकि इतिहास और विरासत पर शोध को बढ़ावा मिल सके.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: अगर आपको इतिहास, पुरानी इमारतों, अभिलेखों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी कहानियां जानने में रुचि है, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण हो सकती है. दिल्ली सरकार ने इतिहास और पुरातत्व के क्षेत्र में शोध को प्रोत्साहित करने के लिए दो नई फेलोशिप योजनाओं को मंजूरी दी है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इन योजनाओं को स्वीकृति मिली. इसके तहत चयनित शोधकर्ताओं को एक वर्ष तक हर महीने 25 हजार से 50 हजार रुपये की फेलोशिप दी जाएगी.

शोध कार्य में आर्थिक संसाधनों की कमी अक्सर बड़ी चुनौती बन जाती है. नई फेलोशिप योजनाओं का उद्देश्य इसी समस्या को कम करना है, ताकि युवा शोधकर्ता बिना वित्तीय दबाव के अपने विषय पर बेहतर तरीके से काम कर सकें. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली केवल देश की राजधानी नहीं, बल्कि हजारों वर्षों की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र भी है. इस धरोहर को संरक्षित करना और उस पर शोध बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है.

अभिलेखागार अनुसंधान फेलोशिप में 15 शोधकर्ताओं का चयन

अभिलेखागार अनुसंधान फेलोशिप के तहत हर वर्ष 15 मेधावी युवाओं का चयन किया जाएगा. चयनित फेलो को एक वर्ष तक काम करने का अवसर मिलेगा और योग्यता व अनुभव के आधार पर हर महीने 25 हजार से 50 हजार रुपये तक की राशि दी जाएगी. शोधकर्ताओं को पुराने दस्तावेजों के डिजिटलीकरण, माइक्रो-फिल्मिंग और रिकॉर्ड प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में भी योगदान देना होगा. फारसी और उर्दू अभिलेखों पर विशेष अध्ययन को भी बढ़ावा दिया जाएगा.


पुरातत्व अनुसंधान फेलोशिप से मिलेगी नई पहचान

दिल्ली की ऐतिहासिक धरोहरों और कम चर्चित पुरातात्विक स्थलों पर गंभीर अध्ययन को बढ़ावा देने के लिए पुरातत्व अनुसंधान फेलोशिप शुरू की गई है. इस योजना के तहत हर साल 12 युवाओं का चयन होगा. उन्हें भी एक वर्ष तक 25 हजार से 50 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे. उनका मुख्य कार्य ऐतिहासिक स्मारकों, स्थापत्य कला और विरासत स्थलों का अध्ययन कर नई जानकारियां सामने लाना होगा.

पर्यटन और विरासत संरक्षण को मिलेगा लाभ

सरकार का मानना है कि इन शोध परियोजनाओं से केवल अकादमिक क्षेत्र ही मजबूत नहीं होगा, बल्कि दिल्ली की सांस्कृतिक पहचान भी नई ऊंचाई हासिल करेगी. शोधकर्ताओं की रिपोर्ट और अध्ययन से कम चर्चित ऐतिहासिक स्थलों को पहचान मिलेगी. इससे सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को दिल्ली की विरासत के बारे में अधिक प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध हो सकेगी.

युवाओं के लिए सुनहरा अवसर

नई फेलोशिप योजनाएं उन विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं के लिए बड़ा अवसर साबित हो सकती हैं, जो इतिहास, अभिलेखागार या पुरातत्व के क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं. आर्थिक सहायता के साथ उन्हें संस्थागत सहयोग भी मिलेगा. इससे युवा शोधकर्ताओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा और दिल्ली की ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान सुनिश्चित हो सकेगा.