Brendon McCullum Sacked: 'BAZBALL' पर लगा फुल-स्टॉप! इंग्लैंड के हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम की छुट्टी
ब्रेंडन मैकुलम को इंग्लैंड की टेस्ट टीम के मुख्य कोच पद से हटा दिया गया है. लगातार खराब प्रदर्शन के बाद यह फैसला लिया गया.
ब्रेंडन मैकुलम को बहुत बड़ा झटका लगा है. करीब चार साल बाद उन्हें इंग्लैंड की पुरुष टेस्ट टीम के हेड कोच पद से हटा दिया गया है. हालांकि, वह इंग्लैंड की पुरुष व्हाइट-बॉल (वनडे और टी20) टीमों के कोच के तौर पर काम करना जारी रखेंगे. हाल ही में बेन स्टोक्स ने कप्तानी करते हुए अचानक संन्यास का ऐलान करके हर किसी को चौंका दिया था. अब इंग्लैंड टीम अपनी अगली टेस्ट सीरीज नए कप्तान और कोच के साथ खेलने उतरेगी.
खराब प्रदर्शन के बाद लिया गया बड़ा फैसला
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने लगातार खराब नतीजों के बाद ब्रेंडन मैकुलम को टेस्ट टीम के मुख्य कोच पद से हटाने का फैसला लिया है. हालांकि वह इंग्लैंड की व्हाइट-बॉल टीम के साथ अपने कोच की भूमिका निभाते रहेंगे. क्रिकेट डायरेक्टर रॉब की अपने पद पर बने रहेंगे. रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड अधिकारियों ने पुरुष क्रिकेट टीम की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के बाद यह फैसला लिया. मैकुलम ने अपने बयान में कहा कि टेस्ट टीम के साथ बिताया गया समय उनके लिए बेहद खास रहा. उन्होंने कहा कि टीम के साथ कई यादगार पल मिले और कुछ मुश्किल दौर भी आए लेकिन वह इस फैसले का सम्मान करते हैं.
बैजबॉल युग का हुआ अंत
ब्रेंडन मैकुलम और बेन स्टोक्स की जोड़ी ने इंग्लैंड की टेस्ट टीम में आक्रामक खेलने की नई सोच को बढ़ावा दिया था, जिसे 'बैजबॉल' के नाम से जाना गया. पिछले कुछ समय में टीम का प्रदर्शन लगातार गिरता गया. इंग्लैंड अपनी पिछली नौ टेस्ट मैच में से सात हार चुका है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज में 4-1 की हार और उसके बाद न्यूजीलैंड से घरेलू सीरीज़ गंवाने के बाद टीम पर सवाल उठने लगे थे. मैदान के बाहर हुई कुछ घटनाओं और स्टोक्स के अचानक संन्यास के फैसले ने भी टीम का माहौल प्रभावित किया. अब इंग्लैंड की टेस्ट टीम के पास न तो स्थायी कप्तान है और न ही मुख्य कोच.
Also Read
- 'मुझसे इज्जत से बात करो...', पुर्तगाल के रेफरी से भिड़े Messi, अर्जेंटीना की क्वार्टर-फाइनल जीत के बाद तीखी बहस का वीडियो वायरल
- वैभव सूर्यवंशी को बाहर करने पर श्रेयस अय्यर ने तोड़ी चुप्पी! बताया- संजू सैमसन को क्यों दिया मौका
- वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भिड़ेंगी टॉप-4 टीमें, क्या फिर मेसी और एम्बाप्पे दिखाएंगे अपना जादू?
नए कप्तान और कोच की तलाश शुरू
इंग्लैंड की अगली टेस्ट सीरीज़ 19 अगस्त से पाकिस्तान के खिलाफ शुरू होगी. ऐसे में बोर्ड को जल्द ही नए कप्तान और मुख्य कोच का फैसला लेना होगा. रिपोर्ट के अनुसार, हैरी ब्रुक टेस्ट कप्तानी की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं. वहीं, नए कोच के लिए एंडी फ्लावर का नाम सबसे मजबूत दावेदारों में शामिल है. इसके अलावा रिचर्ड डॉसन, गैरेथ बैटी, रयान कैंपबेल और डैरेन लेहमैन जैसे नाम भी चर्चा में हैं. दूसरी ओर, मैकुलम अब व्हाइट-बॉल टीम पर पूरा ध्यान देंगे. हाल ही में इंग्लैंड ने भारत को टी20 सीरीज में 4-0 से हराकर शानदार प्रदर्शन किया और टीम विश्व रैंकिंग में नंबर एक पर पहुंच गई.