सड़क निरीक्षण करने पहुंचे PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने युवक को जड़ा थप्पड़, वीडियो वायरल; केजरीवाल ने की गिरफ्तारी की मांग
तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान PWD मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा युवक को थप्पड़ मारने पर सियासत गरमा गई है. मामले का वीडियो सामने आने पर अरविंद केजरीवाल ने उनकी गिरफ्तारी की मांग की है.
दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा रविवार (27 सितंबर) को तिलक नगर इलाके में PWD द्वारा बनाई गई नई सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे. इस दौरान स्थानीय लोगों और आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधियों ने सड़क की खराब गुणवत्ता की शिकायत की. आरोप है कि निरीक्षण के दौरान जब एक युवक इस घटना का वीडियो बनाने लगा, तो मंत्री प्रवेश वर्मा ने आपा खो दिया और उसे थप्पड़ जड़ दिया.
घटिया निर्माण छिपाने का आरोप
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने मंत्री के इस व्यवहार को कायरतापूर्ण करार दिया. उन्होंने कहा कि तिलक नगर में घटिया किस्म की सड़क बनाई गई थी, जिसे स्थानीय लोगों और आप विधायक ने हाथ से उखाड़कर घटिया निर्माण का सबूत दिया. भारद्वाज का दावा है कि जब मंत्री के पास कोई जवाब नहीं बचा, तो उन्होंने बौखलाहट में वीडियो बना रहे युवक पर हमला कर दिया.
Also Read
आप विधायक का भाजपा सरकार पर हमला
तिलक नगर से आप विधायक जरनैल सिंह ने भी घटना का वीडियो साझा करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि PWD मंत्री अपनी ही सरकार के सड़क घोटाले को उजागर होते देख आपा खो बैठे और रिकॉर्डिंग कर रहे कार्यकर्ता के साथ गुंडागर्दी की. इस घटना के बाद से दिल्ली में राजनीतिक पारा चढ़ गया है.