ओखला: दिल्ली के ओखला फेज-1 इलाके में बुधवार, 9 सितंबर को एक बड़ा हादसा हो गया. एक कम्युनिटी हॉल के पास ऑक्सीजन सिलेंडर में अचानक धमाका हो गया. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घायलों को CATS एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11:55 बजे ऑक्सीजन सिलेंडर में धमाके की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तुरंत कार्रवाई शुरू की. मौके पर तीन फायर टेंडर और एक मल्टी-कैजुअल्टी फर्स्ट रिस्पॉन्डर वाहन भेजा गया. इसके साथ ही पुलिस और राहत-बचाव की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं. फायर विभाग के मुताबिक, धमाके में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और चार लोग घायल हुए.
Delhi Fire Service says, "One person injured in cylinder blast near a community hall in Delhi's Okhla Phase-1. Relief and rescue operations are underway at the site;Four fire tenders reached the scene following the blast."
— ANI (@ANI) September 9, 2026Also Read
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि ऑक्सीजन सिलेंडर में धमाका किस वजह से हुआ. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान भी अभी सामने नहीं आई है. पुलिस और संबंधित एजेंसियां घटना की पूरी जानकारी जुटाने में लगी हुई हैं.
दिल्ली में सिलेंडर से जुड़े हादसे का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले रविवार को विवेक विहार इलाके में एक झुग्गी के अंदर छोटा LPG सिलेंडर फटने से दो लोग झुलस गए थे. घायलों की पहचान 35 वर्षीय अनिल दास और उनकी 30 वर्षीय पत्नी खुशबू के रूप में हुई थी. अधिकारियों के अनुसार, दोनों करीब 60 फीसदी तक झुलस गए थे. उन्हें PCR की मदद से राजीव गांधी अस्पताल ले जाया गया था.
पिछले महीने अगस्त में उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में भी गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद हुए धमाके में दो बच्चों की मौत हो गई थी. मृतकों की पहचान 12 वर्षीय सुंदरम यादव और 14 वर्षीय विशाल शर्मा के रूप में हुई थी. खबरों के अनुसार, घर में खाना बनाते समय सिलेंडर से गैस लीक हुई और आग लग गई. आग बाद में घर में खड़ी मोटरसाइकिल तक पहुंच गई, जिसके फ्यूल टैंक में धमाका हुआ. हादसे में घर को भी काफी नुकसान पहुंचा था.