दिल्ली के नरेला में खौफनाक वारदात: हेड कांस्टेबल ने पत्नी की हत्या कर की खुदकुशी
दिल्ली के नरेला में पुलिस हेड कांस्टेबल ने पत्नी की हत्या के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बच्चों के घर लौटने पर पड़ोसियों की मदद से इस वारदात का खुलासा हुआ.
राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दिल्ली पुलिस में कार्यरत 36 वर्षीय हेड कांस्टेबल मोनू ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.
बच्चों के घर लौटने पर हुआ खुलासा
घटना के समय दंपति के दोनों बच्चे घर पर मौजूद नहीं थे. जब बच्चे वापस लौटे तो उन्होंने मुख्य दरवाजा अंदर से बंद पाया. काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो बच्चे रोने लगे. उनकी आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने जब खिड़की से अंदर झांका, तो महिला का शव खून से लथपथ पड़ा था और मोनू फंदे से लटका हुआ था.
जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम
स्थानीय लोगों की सूचना पर तुरंत पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं ताकि घटना की हर कड़ी को जोड़ा जा सके.
Also Read
हेड कांस्टेबल ने क्यों उठाया घातक कदम
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हेड कांस्टेबल ने इतना घातक कदम क्यों उठाया. पुलिस परिजनों, पड़ोसियों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है.