menu-icon
India Daily

दिल्ली में ‘Monday Metro’ की शुरुआत, CM रेखा गुप्ता समेत मंत्री-सांसद मेट्रो से पहुंचे दफ्तर

दिल्ली में पहले ‘मंडे मेट्रो’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मंत्री और सांसद मेट्रो से दफ्तर पहुंचे. पीएम मोदी की पब्लिक ट्रांसपोर्ट उपयोग बढ़ाने की अपील का मिला-जुला असर देखने को मिला.

Dhiraj Kumar Dhillon
दिल्ली में ‘Monday Metro’ की शुरुआत, CM रेखा गुप्ता समेत मंत्री-सांसद मेट्रो से पहुंचे दफ्तर
Courtesy: Social Media

सोमवार को दिल्ली में पहला 'मंडे मेट्रो' मनाया गया. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा समेत कई मंत्री, विधायक और सांसद भी मेट्रो में सवारी करते देखे गए. कुल मिलाकर पीएम मोदी की मितव्ययता की अपील के बाद सीएम रेखा गुप्ता की ओर से सोमवार को मंडे मेट्रो का असर मिला-जुला ही रहा. हालांकि दिल्ली की सड़कों पर यातायात रोजाना की तरह ही दिखा, वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण कई स्थानों पर जाम लगने की खबरें भी आईं.

सीएम की पहल पर पब्लिक ट्रांसपोर्ट से सप्ताह की शुरूआत

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से डीजल-पेट्रोल बचाने के लिए सार्वजनिक यातायात साधनों का उपयोग बढ़ाने की अपील के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सप्ताह की शुरूआत पब्लिक ट्रांसपोर्ट से करने की बात कही थी. रेखा गुप्ता ने खुद तो अपनी बात पर अमल किया, वह मेट्रो में सवार होकर दफ्तर पहुंचीं, कई मंत्री भी मेट्रो से दफ्तर गए लेकिन आमजन पर इस बात का उतना असर नहीं दिखा.

आईटीओ मेट्रो स्टेशन पर नजर आईं रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आईटीओ मेट्रो स्टेशन के बाहर दिखीं. हालांकि उन्होंने केबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा के साथ मेट्रो में सवारी की तस्वीरें भी अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर शेयर की हैं. दिल्ली सरकार के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने मंडे मेट्रो के मद्देनजर आईएनएन से सिविल लाइंस तक मेट्रो में सफर किया और उसके आगे ई-रिक्शा पर सवार होकर गए. दरअसल आशीष सूद को सिविल लाइंस में आयोजित एक कार्यक्रम में शरीक होना था. कार्यक्रम के बाद वह सिविल लाइंस से मेट्रो में सवार होकर आईटीओ पहुंचे और वहां से डीटीसी बस के जरिए सचिवालय गए.

कपिल मिश्रा मेट्रो फीडर बस में हुए सवार

दिल्ली सरकार मंत्री कपिल मिश्रा ने एक वीडियो जारी कर बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम रेखा गुप्ता के आह्वान पर वह मेट्रो फीडर बस के जर‌िए दफ्तर पहुंचे. सांसद मनोज तिवारी ने भी पीएम मोदी की अपील पर अमल करते हुए सोमवार को मेट्रो से सफर किया. हालांकि यात्रियों को वीआईपी मूवमेंट और नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था के चलते कुछ देर के लिए परेशानी भी हुई.