दिवाली पर घर से निकलने से पहले जान लें दिल्ली मेट्रो की नई टाइमिंग, DMRC ने जारी किया शेड्यूल
दिवाली के अवसर पर दिल्ली मेट्रो ने 8 नवंबर के लिए परिचालन समय में बदलाव किया है. सभी लाइनों पर आखिरी मेट्रो रात 10 बजे चलेगी, जबकि पिंक, मैजेंटा और ग्रे लाइन पर सेवाएं सुबह 6 बजे शुरू होंगी.
दिवाली के त्योहार को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने 8 नवंबर को मेट्रो के परिचालन समय में बदलाव किया है. त्योहार के दिन यात्रियों की सुविधा और शाम के समय होने वाले दिवाली समारोह को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है. नए शेड्यूल के मुताबिक, दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर रात 10 बजे तक ही ट्रेनें चलेंगी. इसमें एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन भी शामिल है. वहीं, तीन मेट्रो लाइनों पर सुबह की सेवा सामान्य समय से एक घंटा पहले शुरू होगी.
DMRC के मुताबिक, 8 नवंबर को सभी मेट्रो लाइनों के टर्मिनल स्टेशनों से आखिरी ट्रेन रात 10 बजे रवाना होगी. आमतौर पर मेट्रो की आखिरी ट्रेन रात 11 बजे चलती है, लेकिन दिवाली के मौके पर इसमें एक घंटे की कटौती की गई है. यह बदलाव एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर भी लागू होगा. इसलिए यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना नए समय के अनुसार बनाने की सलाह दी गई है.
इन तीन मेट्रो लाइनों पर सुबह 6 बजे से चलेगी ट्रेन
दिवाली के दिन तीन मेट्रो लाइनों पर सुबह की सेवा एक घंटा पहले शुरू होगी. DMRC के अनुसार, पिंक लाइन, मैजेंटा लाइन और ग्रे लाइन पर पहली ट्रेन सुबह 6 बजे टर्मिनल स्टेशनों से रवाना होगी. सामान्य दिनों में इन लाइनों पर मेट्रो सेवा सुबह 7 बजे शुरू होती है.
Also Read
इन लाइनों में शामिल हैं.
* पिंक लाइन: मजलिस पार्क से मजलिस पार्क/शिव विहार.
* मैजेंटा लाइन: बॉटनिकल गार्डन से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन और मजलिस पार्क से दीपाली चौक.
* ग्रे लाइन: द्वारका ककरोला से ढांसा बस स्टैंड.
बाकी मेट्रो लाइनों पर सुबह की सेवाएं सामान्य समय के अनुसार चलेंगी.
दिल्ली में 28 हजार से ज्यादा पौधे लगाएगा DMRC
मेट्रो के समय में बदलाव के अलावा DMRC ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी एक और योजना की जानकारी दी है. दिल्ली में फेज-4 के तहत रिठाला-बवाना इंडस्ट्रियल एरिया मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण के लिए काटे या दूसरी जगह लगाए जाने वाले पेड़ों की भरपाई के लिए 28 हजार से ज्यादा पेड़ और पौधे लगाए जाएंगे.
इस परियोजना के तहत दिल्ली के 991 स्थानों पर कुल 28,454 पौधे लगाए जाने की योजना है. इनमें मुख्य रूप से नगर निगम के पार्क शामिल होंगे. इस काम के लिए DMRC ने 291.80 लाख रुपये की अनुमानित लागत वाला टेंडर जारी किया है.
पेड़ों की देखभाल पर भी रहेगा ध्यान
DMRC के मुताबिक, पौधारोपण दिल्ली प्रिजर्वेशन ऑफ ट्रीज एक्ट, 1994 के तहत अनिवार्य प्रतिपूरक पौधारोपण का हिस्सा है. इसके अंतर्गत स्वस्थ पौधे लगाए जाएंगे और उनके विकास के लिए पर्याप्त पानी, खाद और देखभाल की व्यवस्था की जाएगी. अलग-अलग स्थानों पर किस प्रजाति के कितने पौधे लगाए जाएंगे, इसका फैसला परियोजना के तहत किया जाएगा.
दिवाली की खरीदारी से दिल्ली की सड़कों पर लगा जाम
दिवाली से पहले दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक की समस्या भी बढ़ गई है. गुरुवार शाम शहर की कई प्रमुख सड़कों और चौराहों पर भारी जाम देखने को मिला. मूलचंद फ्लाईओवर, आईटीओ जंक्शन, चाणक्यपुरी, तीन मूर्ति मार्ग और बदरपुर से आश्रम चौक तक मथुरा रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं.
दिवाली की खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ी भीड़ के कारण भी कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ. कई जगहों पर वाहन रेंगते नजर आए और यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में घंटों लग गए. ऐसे में दिवाली के दिन मेट्रो के बदले हुए समय को ध्यान में रखकर यात्रा करना यात्रियों के लिए जरूरी होगा.