दिल्ली मेट्रो में CISF जवान पर महिला की फोटो खींचने का आरोप, लोगों ने याद दिला दी नानी
दिल्ली मेट्रो में एक महिला यात्री ने CISF जवान पर कथित तौर पर उसकी तस्वीरें खींचने का आरोप लगाया. फोन चेक करने पर तस्वीरें मिलने के बाद यात्रियों ने विरोध किया.
दिल्ली मेट्रो में शनिवार रात करीब 9 बजे एक महिला यात्री ने अपने पास खड़े CISF जवान पर चोरी-छिपे उसकी तस्वीर लेने का आरोप लगाया. महिला को शक हुआ तो उसने सुरक्षाकर्मी से मोबाइल फोन दिखाने को कहा. जवान के कथित इनकार के बाद आसपास मौजूद यात्रियों को भी मामले की जानकारी हुई और देखते ही देखते कोच में विवाद बढ़ गया.
फोन चेक करने पर मिली तस्वीरें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यात्रियों के दबाव के बाद सुरक्षाकर्मी ने अपना मोबाइल फोन खोला. आरोप है कि फोन में महिला यात्री की तस्वीरें मौजूद थीं. इसके बाद यात्रियों ने नाराजगी जताई और जवान से कथित तौर पर तस्वीरें डिलीट करने को कहा. घटना के दौरान कोच में काफी देर तक हंगामा होने की बात सामने आई है.
जवान ने भागने की कोशिश की
विवाद बढ़ने के बाद कुछ यात्रियों ने सुरक्षाकर्मी का कॉलर पकड़ लिया और उसका फोन लेने की कोशिश की. आरोप है कि जवान ने वहां से निकलने का प्रयास किया. इसी दौरान उसने कथित तौर पर अपनी सर्विस गन भी दिखाई. हालांकि, यात्रियों ने उसे रोक लिया. बताया जा रहा है कि संबंधित जवान की उम्र 55 वर्ष से अधिक है.
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है. वीडियो में यात्रियों को सुरक्षाकर्मी के आसपास जमा होकर उससे सवाल करते देखा जा सकता है. हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. मामले को लेकर दिल्ली मेट्रो की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
मेट्रो सुरक्षा की जिम्मेदारी CISF के पास
दिल्ली मेट्रो नेटवर्क में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल यानी CISF के पास है. ऐसे में सुरक्षा कर्मी पर लगे इस तरह के आरोप ने यात्रियों की सुरक्षा और जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े किए हैं. घटना के वास्तविक कारणों और आरोपों की पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही हो सकेगी.