दिल्ली वालों की मौज! आ गया सबसे सस्ता E85 ईंधन, रेगुलर पेट्रोल से 20 रुपये कम है कीमत

देश की राजधानी दिल्ली में पहले E85 फ्लेक्स-फ्यूल स्टेशन की कमर्शियल शुरुआत हो गई है. केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इसका उद्घाटन किया, जो पारंपरिक पेट्रोल के मुकाबले बेहद किफायती और पर्यावरण अनुकूल है.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: भारत के ऑटोमोटिव और ऊर्जा क्षेत्र में लंबे समय से प्रतीक्षित E85 ईंधन ने अब आधिकारिक रूप से देश की राजधानी में दस्तक दे दी है. केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दिल्ली के पूसा रोड स्थित इंडियन ऑयल के आउटलेट पर पहले E85 ईंधन डिस्पेंसिंग स्टेशन का उद्घाटन किया. इस कदम के साथ ही देश में अधिक इथेनॉल मिश्रण वाले पर्यावरण अनुकूल ईंधन की व्यावसायिक बिक्री का एक नया और ऐतिहासिक अध्याय शुरू हो गया है.

राजधानी दिल्ली में इस नए E85 ईंधन की कीमत 82.12 रुपये प्रति लीटर निर्धारित की गई है. यह कीमत वर्तमान में शहरों में बिक रहे सामान्य E20 पेट्रोल की तुलना में पूरे 20 रुपये प्रति लीटर कम है. इस भारी अंतर के कारण ग्राहकों के बीच किसी भी प्रकार का भ्रम न फैले, इसके लिए फ्यूल स्टेशनों पर E85 डिस्पेंसर मशीनों की विशेष ब्रांडिंग की जा रही है और उन पर अलग से चमकदार लेबल भी लगाए जा रहे हैं.

भविष्य में पांच हजार आउटलेट का लक्ष्य

पूसा रोड का यह स्टेशन इस बड़े अभियान की महज एक शुरुआत है. सरकार की शुरुआती योजना दिल्ली-एनसीआर और मुंबई-पुणे-नागपुर कॉरिडोर के प्रमुख मार्गों पर लगभग 50 से 100 E85 फ्यूल स्टेशन स्थापित करने की है. इस साल के अंत तक देश भर में इस नेटवर्क को 500 स्टेशनों तक विस्तारित किया जाएगा, जबकि साल 2027 के आखिर तक प्रमुख शहरों में लगभग 5,000 आउटलेट खोलने का एक बड़ा लक्ष्य रखा गया है.

क्या है E85 ईंधन का गणित?

आमतौर पर इस्तेमाल होने वाले E20 पेट्रोल में जहां सिर्फ 20 प्रतिशत इथेनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल होता है, वहीं इस नए E85 ईंधन में 85 प्रतिशत तक इथेनॉल और महज 15 प्रतिशत पेट्रोल मिलाया जाता है. चूंकि इथेनॉल पूरी तरह स्वदेशी कृषि उत्पादों से तैयार किया जाता है, इसलिए इसकी लागत काफी कम आती है. इससे न केवल कच्चे तेल के आयात पर भारत की निर्भरता घटेगी, बल्कि वाहन चालकों का दैनिक खर्च भी काफी कम हो जाएगा.

बाजार में आ रहीं फ्लेक्स-फ्यूल गाड़ियां

इस ईंधन का उपयोग केवल विशेष रूप से तैयार की गई फ्लेक्स-फ्यूल गाड़ियों में ही किया जा सकता है. मारुति सुजुकी जल्द ही अपनी नई वैगनआर फ्लेक्स-फ्यूल कार बाजार में उतारने की तैयारी कर रही है, जो E100 तक के मिश्रण पर चल सकेगी. वहीं दोपहिया सेगमेंट में हीरो मोटोकॉर्प ने स्प्लेंडर प्लस और एचएफ डीलक्स के फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल पेश किए हैं, जिनकी बिक्री दिल्ली और महाराष्ट्र में जुलाई 2026 से आधिकारिक रूप से शुरू होने जा रही है.