पूर्वोत्तर के रहने वाले अपने पड़ोसियों पर नस्लीय टिप्पणी करने के आरोप में दिल्ली कोर्ट ने दंपति को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. बता दें कि पांच दिन पहले दिल्ली के मालवीय नगर में एक पुरुष और एक महिला ने कैमरे के सामने अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं पर कथित तौर पर नस्लीय टिप्पणी की थी. वीडियो सामने आने के बाद दंपति के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी और अब उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
एफआईआर के मुताबिक, किराए के फ्लैट में रहने वाली पूर्वोत्तर की महिलाओं के यहां बिजली का काम चल रहा था जिसके कारण सीढ़ियों पर धूल जमा होने लगी इसके बाद दोनों हर्ष सिंह और रूबी जैन अपने घर से निकलकर आए और तीनों महिलाओं के साथ गाली-गलौज करने लगे. उन्होंने पूर्वोत्तर की महिलाओं को धंधा करने वाली तक कहा और यह पूरा वाकया वहां लगे कैमरे में कैद हो गया.
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने इस मामले की निंदा करते हुए कहा था कि पूर्वोत्तर के लोगों पर नस्लीय हमले बंद होने चाहिए. उन्होंने कहा था, 'इस तरह की घटनाएं अस्वीकार्य हैं और हमारे समाज में ऐसी घटनाओं के लिए कोई जगह नहीं है. इस घटना के संज्ञान में आने के बाद मैने दिल्ली पुलिस से बात की और मामले में त्वरित और कठोर कार्रवाई करने की मांग की.'
पहले #उत्तराखंड में #त्रिपुरा के एंजेल चकमा को इस विचार (नफ़रत)ने हिंसा का शिकार बनाया- अब #दिल्ली में #अरुणाचल_प्रदेश की लड़कियों के साथ ऐसा शर्मनाक व्यवहार- नसल / धर्म /जाति/ क्षेत्र के भेद-भाव का यह जहर लोगों में एक दिन में नहीं आया - इसे पिछले कुछ सालों में सोची समझी साजिश… https://t.co/DF3hUhINXf
— Alka Lamba 🇮🇳 (@LambaAlka) February 22, 2026
20 फरवरी को महिलाओं ने अपने चौथे फ्लोर पर स्थित फ्लैट में एयर कंडीशनर लगाने के लिए एक इलेक्ट्रीशियन को बुलाया था. इंस्टॉलेशन के दौरान ड्रिलिंग का मलबा नीचे फर्श पर गिर गया. जिसके बाद हर्ष सिंह और उसकी पार्टनर रूबी जैन ने महिलाओं के साथ गाली गलौज करनी शुरू कर दी.
ये तीनों महिलाएं छात्राएं थीं और पीड़ितों में से एक यूपीएससी की तैयारी कर रही है. आरोप है कि दंपति ने उन्हें मसाज पार्लर चलाने वाली और पैसों के लिए धंधा करने वाली कहकर अपमानित किया.