menu-icon
India Daily

DC vs PBKS मैच के लिए दिल्ली में ट्रैफिक डायवर्जन लागू, दोपहर 1 से रात 9 बजे तक ये रास्ते बंद, भारी जाम की चेतावनी

25 अप्रैल को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच भिड़ंत होने जा रही है, जिसके लिए देश की राजधानी पहले से ही तैयार है. लेकिन मैच से पहले, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
DC vs PBKS मैच के लिए दिल्ली में ट्रैफिक डायवर्जन लागू, दोपहर 1 से रात 9 बजे तक ये रास्ते बंद, भारी जाम की चेतावनी
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: दिल्ली एक बार फिर से क्रिकेट के महाउत्सव का साक्षी बनने जा रहा है. आज यानी 25 अप्रैल को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच भिड़ंत होने जा रही है, जिसके लिए देश की राजधानी पहले से ही तैयार है. 

लेकिन मैच से पहले, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें मध्य दिल्ली और उसके आसपास भारी ट्रैफिक जाम की चेतावनी दी गई है. आज दोपहर 3 बजे से शाम 7.30 बजे तक होने वाले इस दिन-रात के मैच में भारी भीड़ जुटने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ जाएगी.

इन रास्तों पर लगेगा प्रतिबंध

जमीनी स्थिति के आधार पर, दोपहर 1 बजे से रात 9 बजे के बीच बहादुर शाह जफर (बीएसजेड) मार्ग और जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) मार्ग पर यातायात में बदलाव और प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं. दरियागंज से दिल्ली गेट चौक, दिल्ली गेट से गुरु नानक चौक और आईटीओ से दिल्ली गेट तक के मार्गों पर भारी और वाणिज्यिक वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा.

इन रास्तों पर जाने से बचे

यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे भीड़भाड़ को कम करने के लिए राजघाट से दिल्ली गेट तक जेएलएन मार्ग, तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक आसफ अली रोड और दिल्ली गेट और आईटीओ के बीच बीएसजेड मार्ग से बचें.

स्टेडियम में प्रवेश द्वार के अनुसार नियंत्रित किया जाएगा. साउथ में स्थित गेट 1 से 8 तक बीएसजेड मार्ग से, ईस्ट में स्थित गेट 10 से 15 तक अंबेडकर स्टेडियम बस टर्मिनल के पास जेएलएन मार्ग से और वेस्ट दिशा में स्थित गेट 16 से 18 तक बीएसजेड मार्ग से ही पहुंचा जा सकेगा.

स्टेडियम के पास पार्किंग की अनुमति नहीं

स्टेडियम के पास चिह्नित वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों को पार्किंग की अनुमति नहीं होगी. जेपी पार्क, विक्रम नगर और जेजेबी/प्रयास कार्यालयों के पास निर्धारित पार्किंग क्षेत्र बनाए गए हैं.

मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के पास गेट नंबर 2, राजघाट चौक और आईपी फ्लाईओवर और राजघाट के बीच रिंग रोड पर सर्विस लेन में ऐप आधारित कैब पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ पॉइंट तय किए गए हैं.

Topics