Bigg Boss 20

PG में चल रहा था मरम्मत का काम तभी भरभराकर गिरा इमारत, CCTV में कैद हुआ आखिरी पल

दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला पीजी इमारत ढहने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया. अब इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है.

X SG (@indiadaily24x7)
Shanu Sharma

दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया. घनी आबादी वाली तंग गली में लड़कों के पेइंग गेस्ट के रूप में इस्तेमाल हो रही करीब 50 साल पुरानी पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई. 

हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग मलबे में दब गए. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और बचाव एजेंसियों ने बड़े स्तर पर अभियान शुरू किया. अब इस घटना से कुछ पल पहले का वीडियो सामने आया है, जिसमें पूरी घटना साफ नजर आ रही है.

मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी

इमारत गिरने की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और अन्य एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं. बचाव दल ने भारी मलबे को हटाकर लोगों की तलाश शुरू की. रातभर चले अभियान के दौरान एक और व्यक्ति को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. अधिकारियों के मुताबिक अब तक 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि हादसे में छह लोगों की जान गई है. मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की आशंका को देखते हुए तलाशी अभियान जारी रखा गया.


सीसीटीवी में कैद हुआ इमारत गिरने का खौफनाक मंजर

हादसे से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. इसमें इमारत कुछ ही सेकंड में अचानक ढहती दिखाई देती है. इमारत के जमीन पर गिरते ही पूरे इलाके में धूल का घना गुबार फैल जाता है. सामने की इमारत में लगी सीसीटीवी में एक दुकानदार भी हादसे से बाल-बाल बचता नजर आया. घटना से कुछ पल पहले वह अपनी दुकान के बाहर बैठा था. इमारत गिरते ही धूल का गुबार उठने लगा और वह तुरंत अपनी जान बचाने के लिए दुकान के अंदर भागता दिखाई दिया.

पुलिस के अनुसार जिस इमारत में हादसा हुआ, वह लड़कों के लिए पीजी के तौर पर इस्तेमाल की जा रही थी. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर मरम्मत या बदलाव का काम चल रहा था. पुलिस को आशंका है कि इसी दौरान इमारत की संरचना प्रभावित हुई और वह ढह गई.