गुरुग्राम में सुबह-सुबह ध्रुव राठी के घर पहुंची पुलिस, CJP प्रदर्शन से पहले लिया हिरासत में

यूट्यूबर ध्रुव राठी को शनिवार सुबह करीब 8 बजे गुरुग्राम में पुलिस ने हिरासत में लिया है. यह कार्रवाई दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले हुई है.

Pinterest
Km Jaya

यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ध्रुव राठी को गुरुग्राम में पुलिस ने हिरासत में लिया है. जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 8 बजे पुलिस ने यह कार्रवाई की. हालांकि, अभी तक ध्रुव राठी को हिरासत में लेने की आधिकारिक वजह और मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.

ध्रुव राठी की हिरासत ऐसे समय में हुई है, जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है. CJP ने शनिवार को प्रदर्शन का आह्वान किया है. इस प्रदर्शन को लेकर पुलिस पहले से ही सतर्क है और दिल्ली की सीमाओं समेत कई संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है.

क्या थी प्लानिंग?

गौरतलब है कि गुरुवार को ध्रुव राठी बेंगलुरु में SIR के खिलाफ आयोजित विरोध प्रदर्शन में भी पहुंचे थे. इसके बाद शुक्रवार को उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में शामिल होने को लेकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था. उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए लोगों से जंतर-मंतर पहुंचने और प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी.


CJP प्रदर्शन से पहले हुई पुलिस कार्रवाई 

ध्रुव राठी की हिरासत को CJP प्रदर्शन से पहले हुई पुलिस कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि उन्हें किस आधार पर हिरासत में लिया गया है. ऐसे में आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही कार्रवाई की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी.

दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

CJP के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था काफी बढ़ा दी गई है. दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि प्रदर्शन के आह्वान को देखते हुए दक्षिणी जिले के साथ-साथ पूरी दिल्ली में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. अंतरराज्यीय और अंतर-जिला सीमाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.

पुलिस के मुताबिक जांच के जरिए ऐसे लोगों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोकने की कोशिश की जा रही है, जिनके प्रदर्शन में शामिल होने की आशंका है. दिल्ली पुलिस का मुख्य उद्देश्य प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकना है.

डीसीपी अनंत मित्तल ने क्या बताया?

डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि विभिन्न सीमाओं पर करीब 12 पुलिस पिकेट बनाए गए हैं. इसके अलावा दक्षिणी जिले के भीतर भी कई स्थानों पर पुलिस पिकेट लगाए गए हैं. बाहरी पुलिस चौकियों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि दिल्ली में प्रवेश करने वाले लोगों और वाहनों पर नजर रखी जा सके.

25 हजार पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात

CJP प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में करीब 25 हजार पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है. पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान निगरानी और घटनाओं की रिकॉर्डिंग के लिए बॉडी कैमरों का इस्तेमाल भी शुरू किया है. ये कैमरे अंधेरे में भी काम कर सकते हैं.

पुलिस का क्या है कहना?

पुलिस का कहना है कि बॉडी कैमरों के जरिए प्रदर्शन के दौरान होने वाली घटनाओं की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी. इसका मकसद किसी भी घटना की स्थिति में वीडियो सबूत उपलब्ध रखना है. सुरक्षा व्यवस्था के तहत दिल्ली की सीमाओं के अलावा रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों और मेट्रो स्टेशनों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है.