दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर हमला बेहद निंदनीय, "आप" हर हिंसा के खिलाफ, अरविंद केजरीवाल का बयान आया सामने
Arvind Kejriwal: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह एक शख्स ने हमला किया. ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस हमले की निंदा की है.
Arvind Kejriwal: बुधवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जन सुनवाई के दौरान हुए हमले की आम आदमी पार्टी (AAP) ने कड़ी निंदा की है. पार्टी के नेताओं ने इसे लोकतंत्र के खिलाफ बताया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
आप के तमाम नेताओं ने इस हमले की निंदा की है, जिसमें केजरीवाल से लेकर पूर्व मुख्यंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज भी शामिल हैं. उन्होंने सभी पार्टियों से इसका विरोध करने की बात कही है.
अरविंद केजरीवाल ने की हमले की निंदा
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है. लोकतंत्र में विचारों का मतभेद और विरोध ठीक है, लेकिन हिंसा की कोई जगह नहीं. मुझे भरोसा है कि दिल्ली पुलिस इस मामले में उचित कार्रवाई करेगी. मैं कामना करता हूं कि मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हों."
सौरभ भारद्वाज ने दिया बयान
आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह हमला पूरी तरह गलत है. उन्होंने कहा, "मुझे पता चला कि किसी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला किया और थप्पड़ मारने की कोशिश की. यह बहुत ही निंदनीय है. हमारे समाज और देश में हिंसा की कोई जगह नहीं. महात्मा गांधी ने हमें सौ साल पहले यही सिखाया था. सवाल यह है कि कौन सी पार्टियां और विचारधाराएं हिंसा को बढ़ावा दे रही हैं?"
केजरीवाल पर हमलों का जिक्र
सौरभ भारद्वाज ने अरविंद केजरीवाल पर हुए पुराने हमलों का जिक्र करते हुए कहा, "जब केजरीवाल पर हमले हुए, तब भाजपा ने कहा कि लोग उनसे नाराज थे, इसलिए ऐसा हुआ. लेकिन हम ऐसा नहीं कहेंगे कि दिल्ली की जनता रेखा गुप्ता से नाराज है, इसलिए उन पर हमला हुआ. हम मानते हैं कि नाराजगी जताने का मतलब हिंसा करना नहीं है. हिंसा पूरी तरह गलत है." उन्होंने भाजपा से कहा कि वे समाज में हिंसा फैलाने वालों पर विचार करें.
आतिशी ने भी की निंदा
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा, "रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बहुत ही निंदनीय है. लोकतंत्र में असहमति और विरोध की जगह है, लेकिन हिंसा का कोई स्थान नहीं. उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस दोषी पर सख्त कार्रवाई करेगी. मैं कामना करती हूं कि मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हों."
अनुराग ढांडा ने उठाए सवाल
आप के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा, "लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं. दिल्ली में लोगों में हताशा बढ़ रही है. उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि कोई हिंसा करे. हम इस हमले की कड़ी निंदा करते हैं और दिल्ली पुलिस से मांग करते हैं कि इसकी गहन जांच हो और दोषियों को सख्त सजा दी जाए."