Tamil Nadu Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Kerala Assembly Election 2026

दिल्ली में 'बुलडोजर एक्शन' पर AAP का गुस्सा, पूर्व सीएम आतिशी ने बीजेपी पर साधा निशाना

दिल्ली के शालीमार बाग और रोहताश नगर स्थित इंदिरा कैंप और लालबाग की झुग्गियों पर बुलडोजर चलने की तैयारी से इलाके में दहशत का माहौल है. भाजपा सरकार द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस कार्रवाई का विरोध किया.

Yogita Tyagi

दिल्ली की भाजपा सरकार ने एक बार फिर अपनी गरीब विरोधी नीतियों को उजागर करते हुए शालीमार बाग और रोहताश नगर की झुग्गियों को निशाना बनाया है. इंदिरा कैंप और लालबाग की झुग्गियों में बुलडोजर चलाने की तैयारी शुरू हो चुकी है, और इसके लिए नोटिस भी जारी कर दिए गए हैं. इन नोटिसों ने झुग्गीवासियों के बीच दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. लोग अपने घर और आशियाने खोने के डर से परेशान हैं.

शुक्रवार को दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया. उनके साथ शालीमार बाग की पूर्व विधायक वंदना कुमारी, पार्षद जलज चौधरी और रोहताश नगर की पार्षद शिवानी पांचाल मौजूद थीं.

BJP पर बरसीं आतिशी 

इस दौरान आतिशी ने कहा, “दिल्ली चुनाव के दौरान पीएम मोदी और भाजपा ने ‘जहां झुग्गी, वहां मकान’ का वादा किया था. लेकिन अब उनकी सच्चाई सामने आ गई है. वे ‘जहां झुग्गी, वहां मैदान’ बनाने की गारंटी दे रहे हैं।” उन्होंने बताया कि पिछले छह महीनों में मद्रासी कैंप, भूमिहीन कैंप, वजीरपुर, जेलरवाला बाग, गोकुलपुर और मादीपुर में बुलडोजर चले. अब इंदिरा कैंप और लालबाग की बारी है.

मुख्यमंत्री के दावों की खुली पोल-आतिशी 

आतिशी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर निशाना साधते हुए कहा कि शालीमार बाग उनकी अपनी विधानसभा है, जहां वह बार-बार दावा करती हैं कि कोई झुग्गी नहीं टूटेगी. लेकिन हकीकत यह है कि उनकी विधानसभा में पहले भी एक झुग्गी पर बुलडोजर चल चुका है, और अब इंदिरा कैंप को 15 दिन में खाली करने का नोटिस दिया गया है. इसी तरह, शहादरा के लालबाग में 31 जुलाई तक झुग्गियां खाली करने का आदेश जारी हुआ है. आतिशी ने बताया कि इन झुग्गियों में लोग 1990 के दशक से रह रहे हैं और उनके पास तत्कालीन दिल्ली प्रशासन द्वारा दिए गए टोकन और अलॉटमेंट कार्ड मौजूद हैं. फिर भी, भाजपा सरकार इनके घर तोड़ने पर तुली है.

गरीबों के साथ खड़े रहेंगे- आतिशी 

आतिशी ने जोर देकर कहा, “आम आदमी पार्टी हमेशा गरीबों के साथ खड़ी है. हम इन झुग्गियों को बचाने के लिए सड़क से लेकर संसद तक हर मंच पर लड़ाई लड़ेंगे.” उन्होंने चेतावनी दी कि दिल्ली को चलाने वाले ये मेहनतकश लोग, जो घरों, दुकानों, फैक्ट्रियों में काम करते हैं और शहर को गतिमान रखते हैं, भाजपा के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे, अगर उनकी झुग्गियों को तोड़ने की कोशिश की गई.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के दावे खोखले-  वंदना कुमारी 

शालीमार बाग की पूर्व विधायक वंदना कुमारी ने बताया कि इंदिरा कैंप में नोटिस चिपकने के बाद लोग दहशत में हैं. उन्होंने कहा, “लोग समझ नहीं पा रहे कि 15 दिन में कहां जाएंगे. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के दावे खोखले साबित हो रहे हैं. उनकी विधानसभा में ही झुग्गियां तोड़ी जा रही हैं.” वंदना ने यह भी कहा कि अगर झुग्गियां तोड़नी हैं, तो पहले लोगों को पक्के मकान दिए जाएं, जैसा कि अरविंद केजरीवाल की सरकार ने किया था.

इंदिरा कैंप में लोग मायूस - जलज चौधरी 

शालीमार बाग के पार्षद जलज चौधरी ने कहा, “इंदिरा कैंप में लोग मायूस हैं। मोदी जी के वादों पर भरोसा करने वाले लोग अब रात-रात भर रो रहे हैं.” वहीं, रोहताश नगर की पार्षद शिवानी पांचाल ने बताया कि लालबाग में एक छोटी बच्ची ने उनसे पूछा, “अगर हमारा घर टूट गया, तो हम किस स्कूल में पढ़ेंगे?” उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि वह देश के भविष्य को किस अंधेरे में धकेल रही है.

क्या है आम आदमी पार्टी की रणनीति? 

आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह झुग्गीवासियों के हक के लिए कोर्ट, सड़क, विधानसभा और संसद में लड़ेगी. पार्टी ने भाजपा की गरीब विरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है.