दिल्ली के स्कूल में दर्दनाक हादसा, 9 साल की छात्रा को आया हार्ट अटैक; अचानक मौत से मचा हड़कंप

पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-2 स्थित लवली हेरिटेज स्कूल में तीसरी कक्षा की 9 साल की छात्रा की अचानक मौत हो गई. क्लासरूम में तबीयत बिगड़ने के बाद शिक्षक उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

Pinterest
Km Jaya

पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-2 स्थित एक स्कूल में बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली 9 साल की बच्ची की अचानक मौत हो गई. बच्ची स्कूल के क्लासरूम में मौजूद थी, तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई. शिक्षकों ने बिना देर किए उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद स्कूल में शोक का माहौल है, वहीं बच्ची के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

यह घटना पांडव नगर थाना क्षेत्र के लवली हेरिटेज स्कूल की है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बच्ची सामान्य रूप से स्कूल में अपनी कक्षा में मौजूद थी. इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई. स्थिति बिगड़ती देख स्कूल के शिक्षक उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे. हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.

क्लासरूम में अचानक बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, बच्ची तीसरी कक्षा की छात्रा थी. स्कूल में पढ़ाई के दौरान ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. इस घटना से स्कूल प्रशासन और वहां मौजूद लोग सकते में आ गए. शिक्षकों ने तत्काल बच्ची को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.


बताया जा रहा है कि क्लासरूम में हुई यह पूरी घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है. पुलिस इस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है. हालांकि, बच्ची की तबीयत किस वजह से बिगड़ी और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

हार्ट अटैक या किसी अन्य बीमारी की आशंका

बच्ची की अचानक हुई मौत के बाद शुरुआती तौर पर हार्ट अटैक या किसी अन्य मेडिकल समस्या की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, अभी किसी भी वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इतनी कम उम्र में अचानक मौत होने के कारण कई सवाल उठ रहे हैं.

पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों के मुताबिक, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज किए बिना मामले की जांच कर रही है.

पुलिस ने शुरू की जांच, फिलहाल गड़बड़ी के संकेत नहीं

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शुरुआती जांच में फिलहाल किसी तरह की गड़बड़ी या फाउल प्ले की बात सामने नहीं आई है. पुलिस स्कूल प्रशासन, शिक्षकों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है.

महज 9 साल की उम्र में बच्ची की इस तरह अचानक मौत ने उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्कूल में भी इस घटना के बाद दुख का माहौल बना हुआ है. अब परिवार और पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे बच्ची की मौत की असली वजह सामने आ सकेगी.