menu-icon
India Daily

छत्तीसगढ़ में भीषण सड़क हादसा, देर रात हुई टक्कर ने उजाड़ दिए 6 घर; 3 की हालत गंभीर

छत्तीसगढ़ के कांकेर में दो कारों की आमने सामने टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई है. हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया हैं.

babli
Edited By: Babli Rautela
छत्तीसगढ़ में भीषण सड़क हादसा, देर रात हुई टक्कर ने उजाड़ दिए 6 घर; 3 की हालत गंभीर
Courtesy: X

छत्तीसगढ़ से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. कांकेर जिले में देर रात दो कारों की आमने सामने टक्कर में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे में तीन दूसरे लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिनका इलाज जारी है. यह हादसा गुरुवार रात करीब 11 बजे हुआ जब दो तेज रफ्तार कारें आमने सामने टकरा गईं. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख पुकार मच गई. घटना नाथिया नवगांव के पास की बताई जा रही है जहां सड़क पर अचानक यह भीषण दुर्घटना हुई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी.

एक मासूम समेत 6 लोगों की मौत

इस हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में एक मासूम बच्चा भी शामिल है जिससे यह हादसा और भी दर्दनाक बन गया है. घटना पर मौजूद लोगों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि कारों में बैठे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. हादसे के बाद दोनों गाड़ियों की हालत बेहद खराब हो गई थी.

हादसे में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. उन्हें तुरंत एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल कांकेर पहुंचाया गया. डॉक्टरों के मुताबिक घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है. मेडिकल टीम पूरी कोशिश कर रही है कि उनकी जान बचाई जा सके.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जिले के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और लापरवाही इस दुर्घटना की वजह हो सकती है. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. एक साथ छह लोगों की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.