menu-icon
India Daily

दोस्त ने सिगरेट पीने से रोका तो भड़का युवक, पेट्रोल भरवाते समय बाइक में लगा दी आग, सीसीटीवी फुटेज में देखें पुरा नजारा

रायपुर के एक पेट्रोल पंप पर युवक ने सिगरेट पीने से रोकने पर गुस्से में बाइक में आग लगा दी. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई और कर्मचारियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया.

babli
Edited By: Babli Rautela
दोस्त ने सिगरेट पीने से रोका तो भड़का युवक, पेट्रोल भरवाते समय बाइक में लगा दी आग, सीसीटीवी फुटेज में देखें पुरा नजारा
Courtesy: X (@contentkikamii)

रायपुर: छत्तीसगढ़ के रायपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां पेट्रोल पंप पर एक युवक ने गुस्से में बाइक में आग लगा दी. घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पेट्रोल पंप परिसर में सिगरेट, माचिस और लाइटर पूरी तरह बैन होते हैं. पेट्रोल की भाप बेहद ज्वलनशील होती है और हल्की सी चिंगारी भी बड़े विस्फोट का कारण बन सकती है. इसके बावजूद युवक ने लापरवाही की हद पार कर दी.

वीडियो में दिखता है कि बाइक में पेट्रोल भरवाते समय एक युवक सिगरेट जलाने की कोशिश करता है. उसका दोस्त उसे रोकता है और समझाने की कोशिश करता है कि यह बेहद खतरनाक है. लेकिन समझाने के बजाय युवक भड़क जाता है. गुस्से में उसने लाइटर से बाइक के पास आग लगा दी. देखते ही देखते आग फ्यूल नोजल पाइप तक पहुंच गई. कुछ ही सेकंड में लपटें तेज हो गईं और वहां मौजूद लोग घबरा गए.

कर्मचारियों की सतर्कता से बची बड़ी तबाही

आग फैलते ही दोनों युवक और एक कर्मचारी मौके से दूर भागे. लेकिन पेट्रोल पंप के एक अन्य कर्मचारी ने तुरंत अग्निशमन यंत्र उठाया और आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी. कुछ ही पलों में आग पर काबू पा लिया गया. अगर थोड़ी भी देर होती तो आग पंप मशीन और आसपास खड़ी गाड़ियों तक फैल सकती थी. इससे बड़ा हादसा हो सकता था. कर्मचारियों की तत्परता ने संभावित विस्फोट को टाल दिया.

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना

यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि युवक ने लाइटर से नोजल के पास आग लगाई. वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया. इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया गया है. पोस्ट के मुताबिक यह घटना रायपुर के संगीता फ्यूल्स पेट्रोल पंप की है.

रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने मामले की जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोल पंप जैसी संवेदनशील जगह पर इस तरह की हरकत बेहद गंभीर अपराध है. वीडियो को हजारों बार देखा जा चुका है और लोग तरह तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कई यूजर्स ने इसे गैरजिम्मेदाराना और खतरनाक कदम बताया है.