menu-icon
India Daily

पत्नी से झगड़े के बाद आधी रात को ससुराल पहुंचा दामाद, गुस्से में दोनों सालियों पर चला दी गोली; हुई मौत

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में घरेलू विवाद के बाद एक युवक ने अपनी दो सालियों की गोली मारकर हत्या कर दी है. आरोपी पत्नी और बच्ची को लेने ससुराल पहुंचा था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है.

babli
Edited By: Babli Rautela
पत्नी से झगड़े के बाद आधी रात को ससुराल पहुंचा दामाद, गुस्से में दोनों सालियों पर चला दी गोली; हुई मौत
Courtesy: AI

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. पंडरी थाना क्षेत्र के मोवा इलाके में घरेलू विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने गुस्से में आकर अपनी 2 सालियों की गोली मारकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस भी बरामद किए गए हैं. शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद और पत्नी पर शक से जुड़ा बताया जा रहा है.

जानकारी के मुताबिक आरोपी की पहचान जितेंद्र वर्मा उर्फ जित्तू के रूप में हुई है. वह पेशे से बाउंसर का काम करता है. बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से अपनी पत्नी खिलेश्वरी के चरित्र पर शक करता था. जिस वजह से दोनों के बीच झगड़े हुआ करते थे. मंगलवार को भी पति पत्नी के बीच विवाद हुआ था. झगड़े के बाद पत्नी अपनी डेढ़ साल की बच्ची को लेकर मायके चली गई थी. आरोपी लगातार पत्नी से संपर्क करने की कोशिश कर रहा था लेकिन बात नहीं हो पा रही थी. इसके बाद देर रात करीब 10:30 बजे वह मोवा बाजार स्थित ससुराल पहुंच गया.

बच्ची से मिलने की जिद पर अड़ा था आरोपी

पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने साथ लाइसेंसी पिस्टल लेकर आया था. वह अपनी बच्ची से मिलने की जिद कर रहा था. इसी दौरान उसकी 26 वर्षीय साली गीतांजलि बाहर आई और उसने जितेंद्र को समझाने की कोशिश की. गीतांजलि ने आरोपी से कहा कि सुबह परिवार के सामने बैठकर बात की जाएगी और फिलहाल वह वापस चला जाए. लेकिन आरोपी इस बात से गुस्से में आ गया.

बताया जा रहा है कि बात बढ़ते ही आरोपी ने अचानक पिस्टल निकाल ली और गीतांजलि पर गोली चला दी. गोली सीधे उसके माथे पर लगी और वह मौके पर ही गिर गई. गोली की आवाज सुनकर दूसरी साली दुर्गेश्वरी छत से नीचे आई. आरोपी ने उस पर भी फायरिंग कर दी. गोली उसकी पीठ में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद घर में चीख पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए.

अस्पताल में दोनों बहनों ने तोड़ा दम

वहां मौजूद लोगों ने दोनों बहनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने बड़ी बहन को मरा हुआ घोषित कर दिया जबकि छोटी बहन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. दोनों बहनों की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. इलाके में भी इस घटना को लेकर भारी गुस्सा और डर का माहौल देखा गया.

इस सबके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था. हालांकि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही देर बाद उसे हिरासत में ले लिया. पड़ोसियों का कहना है कि आरोपी अक्सर अपनी पत्नी पर शक करता था और इसी वजह से परिवार में लगातार विवाद होता रहता था. कई बार घर में झगड़े की आवाजें भी सुनाई देती थीं.