राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा की कार का एक्सीडेंट, AIIMS में भर्ती; CM विष्णु ने जताई चिंता

छत्तीसगढ़ की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा शुक्रवार को सड़क हादसे में घायल हो गईं. हादसे के समय कार में उनके बेटे, गनमैन और ड्राइवर भी मौजूद थे.

@laxmivermabjp & Pinterest
Reepu Kumari

छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सड़क दुर्घटना में घायल हो गई हैं. शुक्रवार को बलौदाबाजार में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह रायपुर लौट रही थीं. इसी दौरान खरोरा थाना क्षेत्र के बंगोली के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई. दुर्घटना में उनके हाथ में चोट आई है. शुरुआती मीडिया रिपोर्टों में कलाई के पास फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है. उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है.

वापसी के दौरान अचानक हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मी वर्मा बलौदाबाजार में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद अपने गंतव्य रायपुर की ओर जा रही थीं. रास्ते में बंगोली के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. सांसद का एम्स में उनका इलाज जारी है.

कार में चार लोग थे सवार

दुर्घटना के समय कार में सांसद लक्ष्मी वर्मा के साथ उनके बेटे, गनमैन और ड्राइवर मौजूद थे. यानी वाहन में कुल चार लोग सवार थे. हादसे में ड्राइवर और गनमैन को भी चोटें आई हैं. शुरुआती जानकारी के अनुसार, ड्राइवर के पैर में चोट लगी है. हालांकि, उसकी स्थिति और चोट की गंभीरता को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताई चिंता

हादसे की खबर सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चिंता जताई. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर सांसद के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. मुख्यमंत्री की ओर से उनके स्वास्थ्य को लेकर प्रार्थना की गई. घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई जा रही है.

पुलिस जुटी हादसे की वजह पता लगाने में

दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद खरोरा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बंगोली के पास कार किन परिस्थितियों में दुर्घटनाग्रस्त हुई. हादसे में शामिल वाहनों और दुर्घटना के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है.