IPL 2026

5 लाख के इनामी नक्सली का अंत, कांकेर में एरिया कमांडर रूपी को सेना ने एनकाउंटर में किया ढेर

छत्तीसगढ़ के कांकेर में सुरक्षाबलों ने 5 लाख के इनामी नक्सली कमांडर रूपी को मुठभेड़ में मार गिराया. मौके से उसका शव और हथियार बरामद हुए. इलाके में तलाशी अभियान जारी है.

Pinterest
Km Jaya

कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है. 5 लाख रुपये के इनामी नक्सली एरिया कमांडर रूपी को मुठभेड़ में मार गिराया गया है. यह कार्रवाई छोटे बेटिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत जंगल में की गई, जहां सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच गोलीबारी हुई.

पुलिस के अनुसार रूपी लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय था और उस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था. सुरक्षा एजेंसियों को उसके इलाके में मौजूद होने की खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया. अभियान के दौरान जंगल में मुठभेड़ हुई और इसी दौरान रूपी मारा गया.

कांकेर के पुलिस अधीक्षक ने क्या बताया?

मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से रूपी का शव और एक हथियार बरामद किया गया है. कांकेर के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है. सुरक्षाबल यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि वहां कोई अन्य नक्सली छिपा हुआ न हो.

इससे पहले कब हुई थी मुठभेड़?

इस घटना से पहले भी मार्च 2026 में बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी. इंद्रावती नदी के पास हुए इस अभियान में दो माओवादी मारे गए थे. उस समय भी सुरक्षाबलों को खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करनी पड़ी थी.

बीजापुर के पुलिस अधीक्षक ने क्या बताया?

बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया था कि मुठभेड़ के बाद तलाशी अभियान में दो वर्दीधारी माओवादियों के शव बरामद किए गए थे. इसके साथ ही सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार भी जब्त किए थे, जिनमें एसएलआर राइफल, 12 बोर राइफल, आईएनएसए राइफल और विस्फोटक शामिल थे.

इन अभियानों का क्या है उद्देश्य?

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षाबलों द्वारा लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं. इन अभियानों का उद्देश्य नक्सलियों की गतिविधियों पर नियंत्रण करना और क्षेत्र में शांति स्थापित करना है. अधिकारियों का कहना है कि नक्सलियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. सुरक्षाबलों की सतर्कता और लगातार अभियान से नक्सली नेटवर्क को कमजोर करने में मदद मिल रही है.