जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सरकारी बारदाना घोटाले का बड़ा खुलासा हुआ है, जिसमें सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े बारदानों की हेराफेरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी और खरीदार दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.
कांसाबेल पुलिस की कार्रवाई में इस घोटाले के मुख्य सूत्रधार रिजवान अली और चोरी के बारदाने खरीदने वाले सुधीर साहू को पकड़ा गया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 4000 नग सरकारी बारदाने और वारदात में इस्तेमाल की गई पिकअप वाहन भी जब्त किया है.
यह मामला वित्तीय वर्ष 2022-23 का बताया जा रहा है. जांच के अनुसार रिजवान अली को उचित मूल्य दुकानों से खाली बारदानों को इकट्ठा कर विपणन संघ के गोदाम तक पहुंचाने का ठेका मिला था लेकिन आरोपी ने अपने जिम्मे की इस सरकारी व्यवस्था का दुरुपयोग करते हुए बारदानों को गोदाम में जमा नहीं कराया और उन्हें बाजार में बेच दिया.
रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी ने कांसाबेल ब्लॉक की दुकानों से कुल 33,580 बारदाने उठाए थे. इनमें से बड़ी संख्या में बारदानों को विभाग को लौटाने के बजाय अवैध रूप से बेच दिया गया. इस गड़बड़ी की जानकारी सामने आने के बाद विभागीय जांच कराई गई.
कलेक्टर द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट में इस पूरे मामले में 8 लाख 39 हजार 500 रुपये के घोटाले की पुष्टि हुई है. इसके बाद जिला विपणन अधिकारी अजय कुमार ठाकुर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और सूरजपुर और अंबिकापुर से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
यह पूरी कार्रवाई जशपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में की गई. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक अमानत में खयानत की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.