रायपुर: छत्तीसगढ़ में फिलहाल गर्मी का असर जारी है और लोगों को दिन के समय तेज धूप का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर बना हुआ है, जिससे दिन के समय गर्मी का एहसास बढ़ गया है.
हालांकि, इसके बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. अनुमान है कि तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जाएगी. इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. हाल ही में भी कई स्थानों पर बूंदाबांदी दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ क्षेत्रों में गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है. इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आएगी, लेकिन इससे जनजीवन पर कुछ असर भी पड़ सकता है.
अगर पिछले 24 घंटों की बात करें तो रायपुर में सबसे अधिक तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा. कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई. हसौद, भटगांव और देवभोग में करीब 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. यह बारिश भले ही कम रही हो, लेकिन इससे मौसम में हल्की ठंडक जरूर महसूस की गई.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिम बंगाल से ओडिशा तक एक ट्रफ बना हुआ है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में देखने को मिल रहा है. इसी कारण प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है. इस ट्रफ के चलते आने वाले दिनों में मौसम में उतार चढ़ाव देखने को मिलेगा. खासकर शाम के समय बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना अधिक है.
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं. हाल ही में सरगुजा क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश के दौरान बिजली गिरने से एक नाबालिग बच्ची की मौत हो गई थी. खुले मैदानों में जाने से बचने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की गई है.
राजधानी रायपुर में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान लगभग 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. बादलों के कारण कुछ राहत जरूर मिल सकती है, लेकिन दिन में उमस और गर्मी बनी रह सकती है. शाम के समय हल्की बारिश या गरज चमक के साथ आंधी चलने की संभावना है.