खुशखबरी! छत्तीसगढ़ PG मेडिकल-डेंटल छात्रों के का बढ़ गया स्टाइपेंड, जानें कब से लागू होंगी नई दरें

छत्तीसगढ़ में सरकारी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों के PG छात्रों के लिए स्टाइपेंड में बड़ी बढ़ोतरी की गई है. नई दरें 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगी.

Pinterest
Km Jaya

छत्तीसगढ़ सरकार ने सरकारी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में पढ़ने वाले पोस्टग्रेजुएट मेडिकल और डेंटल छात्रों के मासिक स्टाइपेंड में बढ़ोतरी को मंजूरी दी है. नई दरें 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगी. स्टाइपेंड में संशोधन का प्रस्ताव चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की ओर से 13 अगस्त को भेजा गया था.

नई व्यवस्था के तहत PG मेडिकल के प्रथम वर्ष के छात्रों को अब हर महीने 85,050 रुपये मिलेंगे. पहले यह राशि 67,500 रुपये थी. इसी तरह दूसरे वर्ष के छात्रों का स्टाइपेंड 71,450 रुपये से बढ़ाकर 90,027 रुपये कर दिया गया है. तीसरे वर्ष के छात्रों को अब 74,600 रुपये की जगह 93,996 रुपये प्रति माह मिलेंगे.

MDS छात्रों को भी मिलेगा बढ़ा हुआ स्टाइपेंड

सरकारी डेंटल कॉलेजों में पोस्टग्रेजुएट MDS छात्रों को भी इस फैसले का लाभ मिलेगा. प्रथम वर्ष के MDS छात्रों का मासिक स्टाइपेंड 53,500 रुपये से बढ़ाकर 85,050 रुपये कर दिया गया है. दूसरे वर्ष के छात्रों को अब 56,700 रुपये की जगह 90,027 रुपये मिलेंगे. वहीं तीसरे वर्ष के MDS छात्रों का स्टाइपेंड 59,200 रुपये से बढ़ाकर 93,996 रुपये प्रति माह किया गया है. नई दरें 1 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होंगी.


सरकार के इस फैसले से पोस्टग्रेजुएट छात्रों को प्रशिक्षण के दौरान अधिक आर्थिक सहायता मिलेगी. PG मेडिकल और डेंटल छात्रों की ट्रेनिंग में क्लीनिकल ड्यूटी, मरीजों की देखभाल, अकादमिक गतिविधियां और रिसर्च जैसी जिम्मेदारियां शामिल होती हैं.

NEET PG 2026 का रिजल्ट भी जारी

इसी बीच नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने 24 सितंबर को NEET PG 2026 का रिजल्ट जारी किया. परीक्षा 30 अगस्त को देशभर में आयोजित की गई थी, जिसमें 2.65 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल हुए थे.

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, परीक्षा करीब 2.73 लाख उम्मीदवारों के लिए 339 शहरों के 1,111 केंद्रों पर आयोजित की गई थी. परीक्षा देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में हुई थी. NEET PG 2026 में टॉप 20 उम्मीदवारों के अंक 614 से 641 के बीच रहे. परीक्षा की आंसर की 1 अक्टूबर को जारी की जाएगी.