menu-icon
India Daily

रायपुर से बस्तर तक लहराएगा तिरंगा, नक्सल प्रभावित इलाकों में भी निकलेगी यात्रा

छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस से पहले भाजपा का तिरंगा अभियान शुरू हो रहा है. रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय यात्रा की शुरुआत करेंगे, जबकि बस्तर के नक्सल प्रभावित इलाकों में भी विशेष तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
रायपुर से बस्तर तक लहराएगा तिरंगा, नक्सल प्रभावित इलाकों में भी निकलेगी यात्रा
Courtesy: AI (Gemini)

छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस को लेकर भाजपा ने प्रदेशभर में तिरंगा अभियान की तैयारी पूरी कर ली है. सोमवार को रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तिरंगा यात्रा की शुरुआत करेंगे. यह यात्रा तेलीबांधा तालाब से जय स्तंभ चौक तक जाएगी. इसके अलावा 12 से 14 अगस्त तक बस्तर के पूर्व नक्सल प्रभावित इलाकों में भी विशेष तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी. अभियान के दौरान बाइक रैली, मैराथन और कई देशभक्ति कार्यक्रमों के आयोजन की तैयारी है.

रायपुर से शुरू होगी तिरंगा यात्रा

राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह 11 बजे बलबीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम से कार्यक्रम की शुरुआत होगी. इसके बाद तिरंगा यात्रा तेलीबांधा तालाब से जय स्तंभ चौक तक निकाली जाएगी. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इसमें शामिल होंगे. उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, अरुण साव, सांसद, विधायक और भाजपा के वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे. मुख्यमंत्री सुबह जशपुर से लौटने के बाद सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे.

बस्तर में निकलेगी विशेष यात्रा

बस्तर में 12 से 14 अगस्त तक तिरंगा यात्रा का आयोजन होगा. उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में यात्रा नारायणपुर से शुरू होकर दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर होते हुए कर्रेगुट्टा पहाड़ी तक जाएगी. भाजपा नेताओं के अनुसार, इन इलाकों में कभी नक्सली गतिविधियों का गहरा असर था. पार्टी का कहना है कि अब इन क्षेत्रों में राष्ट्रीय ध्वज के जरिए शांति और राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाया जाएगा.

हर घर तिरंगा अभियान पर जोर

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव के अनुसार, 11 से 15 अगस्त तक हर जिले, मंडल, ग्राम पंचायत और बूथ स्तर पर अभियान चलेगा. घरों, दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा फहराने की अपील की जा रही है. युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों को भी कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा. पार्टी ने अभियान को संचालित करने के लिए प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर समितियां गठित की हैं.

शहीद परिवारों का होगा सम्मान

अभियान के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों, शहीदों के परिजनों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा. महापुरुषों और शहीदों की प्रतिमाओं की सफाई कर वहां माल्यार्पण भी किया जाएगा. प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तिरंगा यात्राओं के साथ बाइक और कार रैलियां, मशाल रैलियां तथा तिरंगा मैराथन आयोजित होंगी. इनमें जनप्रतिनिधियों के साथ एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड और आम नागरिक हिस्सा लेंगे.

सेल्फी से देशभक्ति कार्यक्रम तक

अभियान के तहत लोग अपने घर पर लगाए गए तिरंगे के साथ तस्वीर लेकर हर घर तिरंगा पोर्टल पर साझा कर सकेंगे. सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा कैनवास, मेले और देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. ऑडियो-वीडियो बूथ भी बनाए जाएंगे, जहां लोग वंदे मातरम् की रिकॉर्डिंग कर सकेंगे. भाजपा नेताओं ने नागरिकों से अभियान में भाग लेकर स्वतंत्रता दिवस के आयोजन को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने की अपील की है.