menu-icon
India Daily

रायपुर से दिल्ली तक की उड़ान, कौन हैं लक्ष्मी वर्मा, जिन्हें बीजेपी ने बनाया राज्यसभा का उम्मीदवार?

छत्तीसगढ़ से बीजेपी ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किया है. महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पार्टी ने राज्य महिला आयोग की सदस्य और अनुभवी महिला नेत्री पर भरोसा जताया है.

KanhaiyaaZee
रायपुर से दिल्ली तक की उड़ान, कौन हैं लक्ष्मी वर्मा, जिन्हें बीजेपी ने बनाया राज्यसभा का उम्मीदवार?
Courtesy: Social Media

रायपुर: भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है. इस चयन के पीछे क्षेत्रीय समीकरणों और महिला सशक्तिकरण की बड़ी सोच काम कर रही है. प्रदेश संगठन द्वारा भेजे गए सात नामों के पैनल में से केंद्रीय नेतृत्व ने लक्ष्मी वर्मा के नाम पर अंतिम मुहर लगाई है. वरिष्ठ नेत्री वर्मा वर्तमान में राज्य महिला आयोग की सदस्य हैं और संगठन के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए उन्हें यह बड़ा अवसर मिला है.

लक्ष्मी वर्मा छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक अनुभवी चेहरा हैं. वह राज्य महिला आयोग की सदस्य और बीजेपी की प्रदेश उपाध्यक्ष के तौर पर सक्रिय हैं. रायपुर जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष रहने के कारण उनकी ग्रामीण क्षेत्रों में मज़बूत पकड़ है. कुर्मी समाज से ताल्लुक रखने वाली वर्मा के चयन के साथ बीजेपी ने सामाजिक संतुलन और पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा को पुरस्कृत किया है.

महिला नेतृत्व को प्रोत्साहन 

छत्तीसगढ़ में बीजेपी का ध्यान महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित है. लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा का टिकट थमाकर पार्टी ने महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने के संकेत दिए हैं. महिला वर्ग में उनकी मज़बूत पैठ रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है. कई अन्य बड़े दावेदारों के होने के बावजूद वर्मा के अनुभव और सामाजिक प्रभाव को देखते हुए केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें विशेष प्राथमिकता प्रदान की है.

राज्यसभा का चुनावी गणित 

प्रदेश में राज्यसभा की दो सीटों का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को पूरा हो रहा है. सदन में 31 वोटों की जीत के लिए आवश्यकता होगी. बीजेपी की मजबूत स्थिति के कारण लक्ष्मी वर्मा की जीत सुनिश्चित मानी जा रही है.

राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया 5 मार्च 2026 को नामांकन के साथ शुरू होगी. नाम वापसी की तिथि 9 मार्च है. जबकि मतदान और मतगणना 16 मार्च को संपन्न होगी. 20 मार्च तक पूरी प्रक्रिया मुकम्मल कर ली जाएगी. लक्ष्मी वर्मा के नाम की घोषणा के बाद बीजेपी कार्यकर्ता अब मतदान के दिन की रणनीतिक तैयारियों में सक्रियता से जुट गए हैं. ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारू बनी रहे.

संगठन में गहन मंथन 

लक्ष्मी वर्मा का चयन बीजेपी की सांगठनिक मजबूती को दर्शाता है. सात नामों के पैनल पर केंद्रीय समिति में गहन मंथन के बाद उनके नाम को हरी झंडी मिली. रायपुर से लेकर राज्य स्तर तक उनकी सक्रियता ने उन्हें योग्य साबित किया है. पार्टी को भरोसा है कि उनके राज्यसभा जाने से सदन में छत्तीसगढ़ की आवाज मजबूत होगी और संगठन का मनोबल भी बढ़ेगा.