पटना: विश्व-प्रसिद्ध राजगीर मलमास मेले में एक बड़ी दुखद घटना घट गई है. मेले में लगे 'सुनामी झूले' से गिरने के कारण एक युवक की मौत हो गई. इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक को झूले से गिरते हुए देखा जा सकता है.
घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल युवक को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
बस थोड़े से एडवेंचर में लोग जीवन खराब कर रहे हैं।
— Priti Pandey (@pande91668) May 26, 2026
यह दृश्य राजगीर मलमास मेले के है ,जहां एक युवक झूले से गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया । pic.twitter.com/nWMduRfN3A
मृतक की पहचान नवादा जिले के बिक्कू गांव के रहने वाले 25 वर्षीय अमन कुमार के रूप में हुई है. अपने परिवार के साथ अमन मेला घूमने आया था. हादसे के समय उसका चचेरा भाई प्रिंस भी उसी झूले पर सवार था.
प्रिंस ने बताया, 'हम दोनों एक साथ झूले पर झूल रहे थे. जैसे ही झूले ने तेजी से घूमना शुरू किया, अमन का संतुलन बिगड़ गया और वह सिर के बल जमीन पर गिर पड़ा.'
हादसे का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि 'सुनामी झूले' के शुरू होने के कुछ ही देर बाद अभी उसने मुश्किल से दो पूरे चक्कर ही लगाए थे. अमन अचानक झूले से नीचे गिर गया. वह पहले झूले के एक खंभे से टकराया और फिर सिर के बल नीचे जमीन पर जा गिरा.
इस भयानक हादसे को देखकर घटनास्थल पर मौजूद कई लोग सदमे में आकर चीख पड़े. अमन के गिरने के बाद पूरे मेला परिसर में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई. वहां मौजूद लोगों ने तुरंत दौड़कर अमन को जमीन से उठाया. गिरने की खबर पूरे मेले में तेजी से फैल गई.
यह झूला लगभग 50 फीट ऊंचा है. अमन उस समय गिरा जब झूला नीचे की ओर आ रहा था. अनुमान के मुताबिक अमन लगभग 10 से 15 फीट की ऊंचाई से गिरा था.
पीड़ित परिवार के सदस्यों ने मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने आशंका जताते हुए कहा कि झूले की सेफ्टी बेल्ट शायद ठीक से नहीं बांधी गई थी या ढीली रह गई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ. अमन अपने परिवार के साथ मेला घूमने आया था, जिसमें उसके भाई-बहन और माता-पिता भी शामिल थे.
इस हादसे के बाद मेला प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है. एहतियाती कदम के तौर पर मेले में सभी बड़े झूलों का संचालन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है.