केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को मिली कथित धमकी से सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. उन्हें डाक के जरिए एक पत्र भेजा गया, जिसमें जल्द हत्या की बात कही गई है. चिराग के कार्यालय ने मामले की जानकारी केंद्रीय गृह सचिव को दी है और जरूरी कदम उठाने की मांग की है.
जानकारी के अनुसार, चिराग पासवान को भेजे गए पत्र में अंग्रेजी में लिखा था, ‘You will be killed shortly by hardcore Terrorists’, यानी कट्टर आतंकवादियों द्वारा जल्द हत्या किए जाने की धमकी दी गई. पत्र सामने आने के बाद उनके कार्यालय ने तुरंत केंद्रीय गृह मंत्रालय को इसकी जानकारी दी. गृह सचिव को भेजे पत्र में मामले की गंभीरता बताते हुए चिराग की सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाने और कार्रवाई करने की मांग की गई है.
सूत्रों के मुताबिक, अब जांच एजेंसियां पत्र भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी हैं. यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि पत्र किस जगह से भेजा गया और इसके पीछे मकसद क्या था. फिलहाल धमकी देने वाले की पहचान सामने नहीं आई है. मामले से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की जांच की जा रही है. धमकी मिलने के बाद चिराग पासवान की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ाई गई है.
चिराग पासवान इन दिनों आरक्षण में उप-वर्गीकरण और क्रीमी लेयर के मुद्दे पर भी चर्चा में हैं. इस मामले में उनकी केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी से बयानबाजी हुई थी. चिराग ने मांझी और उनके बेटे संतोष कुमार सुमन से इस्तीफे की मांग की थी. उनका कहना था कि अगर वे अनुसूचित जाति आरक्षण में क्रीमी लेयर या उप-वर्गीकरण के समर्थक हैं, तो नैतिक आधार पर उन्हें अपने पद छोड़ने चाहिए.