पश्चिम चंपारण: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में जमीन और घर पर कब्जे को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. कठसीकरी गांव में एक महिला के साथ कथित तौर पर बेहद बेरहमी से मारपीट की गई. आरोप है कि महिला के कपड़े तक फाड़ दिए गए. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला के साथ मारपीट करते लोग दिखाई दे रहे हैं. वीडियो के हिंसक दृश्यों को देखते हुए इसे दिखाना उचित नहीं है.
जानकारी के मुताबिक कठसीकरी गांव निवासी पप्पू अंसारी ने प्रेम विवाह के बाद जबरन घर में घुसने और कब्जा करने को लेकर पुलिस को आवेदन दिया था. इसी शिकायत की जांच और जमीन विवाद को सुलझाने के लिए पुलिस टीम सोमवार को गांव पहुंची थी. इसी दौरान विवाद बढ़ गया और महिला के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई.
घटना की जानकारी किसी व्यक्ति ने 112 नंबर पर दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया और वापस लौट गई. लेकिन कुछ समय बाद गांव में फिर से मारपीट शुरू हो गई. सूचना मिलने पर रामनगर थाने की पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाने की कोशिश करने लगी.
इसी दौरान कथित तौर पर लोगों की भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया. सामने आए वीडियो में कुछ महिला और पुरुष पुलिस की गाड़ी की खिड़की में लाठी डालकर मारपीट करते नजर आ रहे हैं. घटना में SI इम्तेयाज खान समेत कई पुलिसकर्मियों के आंशिक रूप से घायल होने की बात सामने आई है. पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ किए जाने का आरोप भी लगाया गया है.
हालांकि मौके पर पहुंचे बगहा एसपी राजेश कुमार ने पुलिस पर हमला होने की बात से इनकार किया है. ऐसे में घटना की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.
पुलिस पर कथित हमले की सूचना मिलने के बाद बगहा एसपी राजेश कुमार के नेतृत्व में तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया. पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है.