menu-icon
India Daily

पटना में जहरीली शराब का शक, मछली पार्टी के बाद 4 युवकों की मौत; गांव में मचा हड़कंप

पटना के बाढ़ में मछली और शराब की पार्टी के बाद चार युवकों की मौत हो गई. जहरीले पेय पदार्थ से तबीयत बिगड़ने की आशंका है. पुलिस ने संदिग्ध धंधेबाज को गिरफ्तार किया है और घटनास्थल से पांच गिलास मिलने के बाद पांचवें युवक की तलाश जारी है.

babli
Edited By: Babli Rautela
पटना में जहरीली शराब का शक, मछली पार्टी के बाद 4 युवकों की मौत; गांव में मचा हड़कंप
Courtesy: AI

पटना: बिहार के बाढ़ थाना क्षेत्र में मछली और शराब की पार्टी के बाद चार युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना बेढ़ना सैदपुर टोला की है, जहां रविवार दोपहर पार्टी के दौरान चारों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. उन्हें इलाज के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर पीएमसीएच रेफर कर दिया गया. अस्पताल ले जाने के दौरान ही चारों की मौत हो गई.

बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल की डॉक्टर श्रेया शेखर के मुताबिक, युवकों की हालत किसी जहरीले पेय पदार्थ के सेवन के बाद बिगड़ने की आशंका है. हालांकि पुलिस अभी मौत की वास्तविक वजह की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम तथा फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है.

मछली-रोटी के साथ पेय पदार्थ पीने से बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक, सावन खत्म होने के बाद चारों युवकों ने रविवार को मछली और रोटी की पार्टी करने की योजना बनाई थी. इसके लिए पंकज की झोपड़ी में गैस सिलेंडर लाकर मछली और रोटी तैयार की गई. ग्रामीणों के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे चारों युवक खाना खाने बैठे. इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर पेय पदार्थ का सेवन किया. कुछ ही देर बाद चारों बेहोश होकर गिर पड़े. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उनके मुंह से सफेद झाग निकल रहा था. आसपास के लोगों ने चारों को तुरंत बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया. हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें पटना रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.

मृतकों में एनटीपीसी में काम करने वाले युवक भी शामिल

मृतकों की पहचान शशि कुमार (32), विकास राम (40), पंकज सिंह (45) और निशु कुमार (30) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि शशि, पंकज और निशु एनटीपीसी बाढ़ में एक निजी कंपनी से जुड़े काम करते थे, जबकि विकास राम राजमिस्त्री का काम करता था. चारों की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें की बरामद

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से रोटी, मछली और शराब की बोतलें बरामद की हैं. खाने और पेय पदार्थ के नमूनों की जांच कराई जा रही है. बख्तियारपुर के डीएसपी-2 आयुष श्रीवास्तव ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है. युवकों की मौत शराब पीने से हुई या किसी अन्य जहरीले पदार्थ के सेवन से, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी. पुलिस खाने में किसी जहरीले पदार्थ के मिलाए जाने की आशंका की भी जांच कर रही है.