IPL 2026

'पीएम मोदी को 10 में दस नंबर, लालू यादव का दौर खत्म', 'तेजू भैया' का फिर दिखा बेबाक अंदाज

लालू यादव के बेटे तेज प्रताप अपनी बेबाकी के लिए जाने जाते हैं. एक नए इंटरव्यू में भी उन्होंने ऐसी कई बातें कहीं, जिसपर लोगों का ध्यान गया है.

Social Media
Shanu Sharma

पटना: बिहार की राजनीति में लालू यादव का नाम काफी पुराना है. एक समय पर बिहार में आलू और लालू दोनों को बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि आलू लोगों का पेट भरने के लिए जरूरी था और लालू वहां की सत्ता के लिए. हालांकि अब लालू साम्राज्य का लगभग पतन हो चुका है. इस बात पर खुद उनके बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल चीफ तेजप्रताप यादव ने मुहर लगा दी है. 

तेज प्रताप भी लालू यादव की तरह बिहार में काफी फेमस है. उन्हें बेबाक अंदाज के लिए पहचाना जाता है. हालांकि कई बार उन्होंने ऐसे बयान दिए हैं, जो उनके पिता और भाई के लिए मजाक बना है. एक बार फिर उन्होंने प्रियंका शर्मा के पॉडकास्ट में ऐसे कई बातें कही हैं, जिसपर चर्चा शुरू हो गई. 

तेज प्रताप ने बताया परिवार का हाल

तेज प्रताप को बिहार में तेजू भईया के नाम से भी जाना जाता है. उन्होंने अपने लेटेस्ट इंटरव्यू में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 10 में से दस नंबर दिए. इसके अलावा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बारे में भी खुलकर अपनी बात रखी और राहुल गांधी से लेकर अपने भाई तेजस्वी यादव पर बात करने में कोई संकोच नहीं किया. तेज प्रताप को बिहार विधानसभा चुनाव से पहले उनके अपने ही परिवार के लोगों ने तब अलग कर दिया, जब उनका लिंक एक महिला के साथ जोड़ा गया.

हालांकि चुनाव के बाद धीरे-धीरे मामला शांत हुआ लेकिन तेजस्वी और तेजू भईया के बीच दूरी साफ नजर आई. वहीं तेज प्रताप ने अपनी एक अलग पार्टी भी तैयार कर ली. जब उनसे पूछा गया कि वह अपने परिवार से क्यों अलग हो गए. तब उन्होंने खुद को कृष्ण के रूप में दर्शाते हुए कहा कि जब भी कृष्ण के सम्मान पर बात आएगी तो हम मान-सम्मान के साथ होंगे.  

बिहार चुनाव हारने के पीछे जयचंदों का हाथ

तेजू भईया ने टिकट बंटवारे में पैसा मांगने के सवाल पर और आरजेडी की हार के सवालों पर भी जवाब दिया. उन्होंने इसके पीछे जयचंदों का हाथ बताया, कहा कि ऐसा संभव है कि उन्होंने किया हो. जब जयचंदों के नाम बताने लिए कहा गया तो तेज प्रताप ने किसी के नाम लेने से इनकार करते हुए कहा कि जयचंद कोई एक नहीं बल्कि 5-6 हैं. वहीं घर जाने की बात पर कहा कि मैं अपनी मां राबड़ी देवी से मिलने और उनका आर्शीवाद लेने गया था.

उन्होंने कहा कि इस दौरान उनकी मां ने उन्हें वापस बुलाया लेकिन उन्होंने साफ कह दिया कि उनकी लाइन भी अलग हो चुकी है. वहीं जब पीएम मोदी को दस में से नंबर देने के लिए कहा गया तो उन्होंने बिना किसी झिझक के नंबर 10 दे दिया. उन्होंने कहा कि वह भी पूजा-पाठ वाले हैं और हम भी तो हम तो दस नंबर ही देंगे.