menu-icon
India Daily

पटना में तेज प्रताप यादव गिरफ्तार! छात्रों के साथ प्रदर्शन के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, बिहार की सियासत गरमाई

NEET विवाद को लेकर बुलाए गए बिहार बंद के दौरान जनशक्ति जनता दल प्रमुख तेज प्रताप यादव को पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. इससे पहले वह छात्रों के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए थे. शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
पटना में तेज प्रताप यादव गिरफ्तार! छात्रों के साथ प्रदर्शन के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, बिहार की सियासत गरमाई
Courtesy: social media

पटना: NEET परीक्षा विवाद और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में आयोजित बिहार बंद के दौरान पटना में राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहीं. छात्रों के समर्थन में सड़क पर उतरे जनशक्ति जनता दल (JJD) के प्रमुख तेज प्रताप यादव को पुलिस ने हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार कर लिया. घटना के बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई.

प्रदर्शन में शामिल हुए तेज प्रताप यादव

शनिवार को बिहार बंद के समर्थन में तेज प्रताप यादव छात्रों के साथ पटना के रामगुलाम चौक पहुंचे, जहां उन्होंने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया. इसके बाद प्रदर्शनकारी डाक बंगला चौराहे की ओर मार्च करने लगे. पुलिस ने एग्जिबिशन रोड के पास उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया और हिरासत में ले लिया. बाद में शाम के समय जब वह शहर के एक मॉल में मौजूद थे, तब पुलिस की टीम वहां पहुंची और उन्हें अपने साथ ले गई. इसके बाद उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि हुई.

गिरफ्तारी के कारण पर आधिकारिक जानकारी नहीं

पटना पुलिस ने अभी तक गिरफ्तारी के पीछे किसी विशेष कानूनी आधार की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है. हालांकि, प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि बिना अनुमति प्रदर्शन करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका के मद्देनजर यह कार्रवाई की गई. तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई और विभिन्न दलों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं. इस घटनाक्रम ने बिहार बंद को और अधिक राजनीतिक रंग दे दिया.

डाक बंगला चौराहे पर बढ़ा तनाव

बिहार बंद के दौरान डाक बंगला चौराहे पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई. प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास किया और पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंके. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित किया. कई लोगों को हिरासत में लिया गया. घटनास्थल और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.

शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं. पालीगंज समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया है. एहतियात के तौर पर प्रशासन ने राजधानी के सभी निजी स्कूलों को शनिवार के लिए बंद रखने का आदेश दिया था. तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है, जबकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति और सुरक्षा बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.