बच्चों के सामने मां को मारी गोली... पूर्णिया में महिला टीचर की हत्या; पति वारदात के बाद फरार
पूर्णिया के रेनू नगर में घरेलू विवाद के बाद शिक्षिका शालिनी कुमारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, वारदात का आरोप उनके पति राजकुमार यादव पर है, जो घटना के बाद फरार हैं.
पूर्णिया शहर के केके हाट थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने एक परिवार को तबाह कर दिया. रेनू नगर में देर रात एक शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतका की पहचान शालिनी कुमारी के तौर पर हुई है, जो श्रीनगर में 10+2 स्कूल में शिक्षिका थीं. उनके पति राजकुमार यादव को-ऑपरेटिव बैंक में कार्यरत बताए जा रहे हैं. घटना के समय दंपति के दोनों बच्चे भी घर में मौजूद थे. वारदात के बाद आरोपी पति फरार हो गया.
कहासुनी के बाद चली गोली
परिजनों के मुताबिक, शालिनी और राजकुमार के बीच किसी घरेलू मुद्दे को लेकर विवाद शुरू हुआ था. बातचीत बढ़ते-बढ़ते मामला काफी गंभीर हो गया. आरोप है कि इसी दौरान राजकुमार ने शालिनी के सीने पर गोली चला दी.
गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं. अचानक हुई इस घटना से घर में मौजूद बच्चों और परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
Also Read
- 'Government of India' लिखी गाड़ियां और कई ATM कार्ड... खगड़िया में खुद को डोभाल का एजेंट बताने वाला गिरफ्तार
- Independence Day 2026: जलेबी में घुलेगा बिहार का मखाना, कटिहार में 15 अगस्त पर सरकारी दफ्तरों में बांटने के लिए बनाई जा रही खास मिठाई
- बिहार में अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम? पटना समेत इन जिलों में बारिश का अलर्ट, जानें पूरा अपडेट
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
गोली चलने की आवाज के बाद परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. उन्होंने घायल शालिनी को तत्काल इलाज के लिए जीएमसीएच पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. शालिनी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. बताया गया है कि उनके दोनों बच्चे, जिनकी उम्र करीब चार और नौ साल है, घटना के वक्त घर में ही थे.
वारदात के बाद घर से निकला पति
घटना को अंजाम देने के बाद राजकुमार यादव मौके से निकल गया. सूचना मिलने पर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की. खजांची हाट थाना प्रभारी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है. इसी दौरान गोली चलने से शालिनी की मौत हुई. पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.
आरोपी की तलाश में छापेमारी
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद से आरोपी पति फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घरेलू विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और गोली चलाने में किस हथियार का इस्तेमाल किया गया. मामले से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.